उमरियापान थाना क्षेत्र के घुघरी घाट में अवैध रेत खनन का कारोबार जारी

बुधवार सुबह धोरेसर रोड से रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली निकलने की ग्रामीणों ने दी जानकारी, घाटों पर नहीं लग पा रही अवैध उत्खनन पर रोक; जिम्मेदार विभागों की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । उमरियापान थाना अंतर्गत ग्राम घुघरी स्थित घुघरी घाट में रेत का अवैध उत्खनन और परिवहन लगातार जारी होने की शिकायत सामने आई है । ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में रेत का अवैध कारोबार लंबे समय से चल रहा है । रेत निकालने वाले लोग ज्यादातर रात के अंधेरे का फायदा उठाकर घाट से रेत का उत्खनन करते हैं और ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के माध्यम से आसपास के क्षेत्रों में परिवहन करते हैं । इसके बावजूद संबंधित विभागों की ओर से प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से अवैध कारोबार करने वालों के हौसले बुलंद हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि बुधवार सुबह घुघरी घाट से रेत से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली धोरासर रोड से होकर निकली । ग्रामीणों के अनुसार यह कोई पहली घटना नहीं है । क्षेत्र में रात के समय रेत से भरे वाहनों की आवाजाही बनी रहती है । दिन के समय भी ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के माध्यम से रेत का परिवहन किए जाने की शिकायतें सामने आती रहती हैं । इसके चलते गांव के लोगों में नाराजगी देखी जा रही है ।
ग्रामीणों का कहना है कि रेत के अवैध उत्खनन से नदी और घाटों के प्राकृतिक स्वरूप को नुकसान पहुंच रहा है । वहीं, बिना वैध अनुमति के रेत निकालकर परिवहन किए जाने से शासन को राजस्व की हानि भी हो रही है । ग्रामीणों ने सवाल उठाया कि यदि घाटों से लगातार रेत निकाली जा रही है और ट्रैक्टर-ट्रॉलियां सड़कों पर दौड़ रही हैं, तो जिम्मेदार विभागों को इसकी जानकारी क्यों नहीं मिल पा रही है ।
क्षेत्रवासियों का आरोप है कि अवैध रेत कारोबार पर प्रभावी अंकुश नहीं लगने के कारण यह गतिविधियां लगातार बढ़ रही हैं । रात के समय होने वाले उत्खनन और परिवहन पर निगरानी नहीं होने से अवैध कारोबार करने वालों को खुली छूट मिल रही है । ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि घुघरी घाट पर विशेष निगरानी रखी जाए और रात के समय भी जांच एवं कार्रवाई की व्यवस्था की जाए ।
ग्रामीणों ने खनिज विभाग, राजस्व विभाग और उमरियापान पुलिस प्रशासन के जिम्मेदार अधिकारियों का ध्यान इस गंभीर समस्या की ओर आकर्षित कराते हुए घुघरी घाट की जांच कराने, अवैध उत्खनन एवं परिवहन में लगे वाहनों की जांच करने तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।



