खुले में मांस-मछली की बिक्री पर बजरंग दल का विरोध, नगर निगम को चेतावनी

रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान। शहर में खुले में और सड़क किनारे संचालित मांस, मुर्गा, मछली एवं अंडे की दुकानों के खिलाफ विश्व हिंदू परिषद बजरंग दल ने नगर निगम प्रशासन के विरुद्ध मोर्चा खोल दिया है । संगठन के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने नगर निगम कार्यालय के मुख्य द्वार पर प्रदर्शन कर आयुक्त के नाम ज्ञापन सौंपा और नियमों के विपरीत संचालित दुकानों पर कार्रवाई की मांग की ।
प्रदर्शन के दौरान संगठन के कार्यकर्ताओं और नगर निगम उपायुक्त के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई । कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि पिछले कई वर्षों से शिकायतें और ज्ञापन देने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया जा रहा है । काफी देर तक चली बहस के बाद उपायुक्त ने नियमानुसार कार्रवाई का भरोसा दिलाया, जिसके बाद कार्यकर्ता शांत हुए ।
ज्ञापन में दुर्गा चौक, भट्टा मोहल्ला, मशीन चौक और अहमदनगर सहित शहर के विभिन्न क्षेत्रों में सड़क किनारे एवं खुले में संचालित मांस-मछली की दुकानों का उल्लेख किया गया है । संगठन का कहना है कि इन दुकानों के कारण स्वच्छता, दुर्गंध और सार्वजनिक आवागमन से जुड़ी समस्याएं उत्पन्न हो रही हैं । प्रशासन को निर्धारित नियमों के अनुसार दुकानों का संचालन सुनिश्चित कराना चाहिए ।
*राहुल दुबे की मौजूदगी में सौंपा ज्ञापन*
विश्व हिंदू परिषद बजरंग दल के प्रांत सह संयोजक राहुल दुबे की मौजूदगी में कार्यकर्ताओं ने नगर निगम प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की । राहुल दुबे ने कहा कि इस मुद्दे को लेकर लंबे समय से शिकायतें की जा रही हैं, लेकिन अब तक ठोस कार्रवाई नहीं हुई है । संगठन ने स्पष्ट किया कि केवल आश्वासन से काम नहीं चलेगा, बल्कि धरातल पर कार्रवाई दिखाई देनी चाहिए।
*दीपावली पर आंदोलन की चेतावनी*
संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो दीपावली के दिन नगर निगम कार्यालय के मुख्य द्वार पर पुतला दहन कर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा ।



