मध्य प्रदेशराजनीति

भारत को पुनः विश्व गुरु बनाना लक्ष्य — अजय जामवाल

भाजपा का दो दिवसीय महाअभियान प्रशिक्षण शिविर प्रारंभ
सिलवानी। भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान के अंतर्गत सिलवानी, कस्बा बम्होरी एवं प्रतापगढ़ मंडलों का संयुक्त दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर बुधवार को सिलवानी में प्रारंभ हुआ। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य पार्टी कार्यकर्ताओं को वैचारिक, संगठनात्मक एवं सामाजिक रूप से सशक्त बनाना है। शिविर के प्रथम दिन चार सत्रों का आयोजन किया गया।
उद्घाटन सत्र में मुख्य अतिथि अजय जामवाल (मध्य प्रदेश-छत्तीसगढ़ क्षेत्रीय संगठन महामंत्री) ने शिविर का विधिवत शुभारंभ किया। उन्होंने भाजपा के इतिहास एवं विकास को दर्शाती प्रदर्शनी का फीता काटकर उद्घाटन किया। इसके पश्चात श्यामा प्रसाद मुखर्जी, दीनदयाल उपाध्याय एवं भारत माता के चित्रों पर माल्यार्पण कर दीप प्रज्वलित किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत में पूर्व मंत्री रामपाल सिंह राजपूत ने स्वागत भाषण देते हुए उपस्थित कार्यकर्ताओं का अभिनंदन किया और प्रशिक्षण शिविर की उपयोगिता पर प्रकाश डाला।
अपने संबोधन में अजय जामवाल ने “पांच परिवर्तन” का उल्लेख करते हुए कार्यकर्ताओं को समाज और राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का बोध कराया। उन्होंने कहा कि भारत को पुनः “विश्व गुरु” बनाने के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता को अपने जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना होगा।
उन्होंने जिन प्रमुख बिंदुओं पर जोर दिया, उनमें पर्यावरण संरक्षण: हर शुभ अवसर पर “मां के नाम एक पौधा” लगाने का आह्वान।
समरसता का भाव: जाति आधारित विभाजनकारी प्रवृत्तियों पर चिंता जताते हुए सामाजिक एकता को मजबूत करने पर बल।
स्वदेशी का संकल्प: स्वदेशी वस्तुओं को अपनाने एवं स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने की बात।
नागरिक कर्तव्य: देश के प्रति प्रत्येक नागरिक के कर्तव्यों के निर्वहन की प्रेरणा।
कुटुंब प्रबोधन: पारिवारिक मूल्यों के संरक्षण पर जोर, विशेषकर पारंपरिक रिश्तों को सहेजने की आवश्यकता।
प्रथम दिन के अन्य सत्रों में राजो मालवीय, डॉ. दिपेंद्र सिंह पाल, पवन दुबे तथा राकेश तोमर ने अपने-अपने विषयों पर मार्गदर्शन दिया।
दो दिवसीय इस कार्यक्रम में भोपाल भाजपा संभाग के प्रभारी एवं नगदा विधानसभा के विधायक तेज बहादुर सिंह भाजपा जिलाध्यक्ष राकेश शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में जिला उपाध्यक्ष दीपक रघुवंशी, जिला मंत्री संदीप शर्मा, भाजपा मंडल अध्यक्ष श्याम, नगर परिषद अध्यक्ष रेशु विभोर नायक, कस्बा बम्होरी मंडल अध्यक्ष हरनाम सिंह लोधी, प्रतापगढ़ मंडल अध्यक्ष पप्पू ठाकुर, भाजपा नेता विभोर नायक सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button