मध्य प्रदेशराजनीति

वोट चोरी की नीयत होती तो भाजपा 400 पार का लक्ष्य छोड़ बहुमत तो हासिल कर लेती : सांसद रजनीश अग्रवाल

ब्यूरो चीफ : शब्बीर अहमद
बेगमगंज । आज प्रबुद्धजन संगोष्ठी में मुख्य वक्ता के रूप में राज्यसभा सांसद रजनीश अग्रवाल शामिल हुए।
उन्होंने नगर के गणमान्य नागरिकों, अधिवक्ताओं, प्रबुद्धजनों, पत्रकारों और व्यापारियों सहित विभिन्न वर्गों के लोगों से संवाद किया।
कार्यक्रम में पूर्व कैबिनेट मंत्री रामपाल सिंह एवं भाजपा जिलाध्यक्ष राकेश शर्मा ने भी अपने विचार रखे।
राज्यसभा सांसद रजनीश अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि यदि भाजपा की नीयत में वोट चोरी होती तो उस समय प्रदेश में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान थे, सरकार भाजपा की थी और प्रत्याशी रामपाल सिंह थे। फिर भाजपा चुनाव क्यों हारती। जनता ने जो जनादेश दिया, उसे रामपाल सिंह और भारतीय जनता पार्टी ने पूरी विनम्रता से स्वीकार किया। सवाल हार-जीत का नहीं, बल्कि देश के लोकतंत्र की विश्वसनीयता का है।
उन्होंने कहा कि आज इंडिया गठबंधन चुनाव आयोग और लोकतांत्रिक संस्थाओं पर सवाल खड़े कर रहा है, लेकिन देश को यह भी याद रखना चाहिए कि आपातकाल के दौरान किस तरह लोकतंत्र का गला घोंटा गया था। प्रेस पर प्रतिबंध लगाए गए और मीडिया की स्वतंत्रता को सीमित किया गया। जिन लोगों ने संविधान और लोकतांत्रिक व्यवस्थाओं को कमजोर किया, वे आज लोकतंत्र की दुहाई दे रहे हैं।
यदि वोट चोरी की नीयत होती तो भाजपा कम से कम अपने दम पर बहुमत तो हासिल कर ही लेती। फिर सहयोगी दलों के समर्थन की जरूरत क्यों पड़ती। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग और सर्वोच्च न्यायालय के फैसलों पर भी सवाल उठाना उचित नहीं है। राहुल गांधी के नेतृत्व को देश की जनता स्वीकार नहीं कर रही है। इंडिया गठबंधन देश में अराजकता का माहौल बनाने का प्रयास कर रहा है, जिसे देश की जनता सफल नहीं होने देगी।
पूर्व कैबिनेट मंत्री रामपाल सिंह ने कहा कि इस क्षेत्र के विकास के लिए उन्हें काम करने का अवसर मिला, जिसके लिए वे हमेशा क्षेत्र की जनता के आभारी रहेंगे। मतदाता सूची का पुनरीक्षण पहले भी होता रहा है, लेकिन पहले लोगों को इसकी जानकारी तक नहीं हो पाती थी। यदि वास्तव में वोट चोरी होती तो क्या वे चुनाव हार जाते। भाजपा जिलाध्यक्ष राकेश शर्मा एवं अन्य वक्ताओ ने भी अपने विचार रखे।

Related Articles

Back to top button