एक पौधा मां के नाम अभियान कार्यक्रम के तहत जन अभियान परिषद ने मुक्तिधाम में किया पौधारोपण

ब्यूरो चीफ : भगवत सिंह लोधी
तेन्दूखेड़ा । शासन के निर्देशानुसार मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद तेन्दूखेड़ा द्वारा स्थानीय मुक्तिधाम परिसर में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित हुआ, इस अवसर पर संभागीय समन्वयक दिनेश उमरैया ने कहा कि वर्तमान में हम देख रहे है कि गर्मियो में जिस प्रकार से तापमान बड़ा है, इसके लिये हम सभी को संतुलित रूप से वातावरण का ख्याल रखना और अग्रसर होकर अधिक से अधिक पौधे लगाकर उनका संरक्षण करना जरूरी है।
इस अवसर पर जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक सुशील नामदेव ने कहा कि- पौधा भी जब छोटा होता है तो उसका संरक्षण समय पर खाद औऱ पानी डालने की जिम्मेदारी हमारी होती है,यानि- नन्हे बच्चे की तरह देखभाल करनी होती है,यह पौधा जब वृक्ष बनता है तो एक माँ के समान ही हमे छाया, फल और अनेक प्रकार के लाभ पहुँचाता है, अपने आस-पास के परिवेश को स्वच्छ हवा से भरपूर बनाता है, इसलिये न सिर्फ पौधे लगाने से हमारा अभियान पूर्ण होता है,बल्कि सबसे महत्वपूर्ण है उनकी देखभाल करना।
इस अवसर पर जन अभियान परिषद के विकासखंड समन्वयक राजेश बाबू अर्गल के विशेष मार्गदर्शन में यह कार्यक्रम सम्पन्न हुआ, जिन्होंने जानकारी देते हुये बताया कि-सभी संस्थाओ एवं जन सहयोग से हरियाली अमावस्या पर 5 जुलाई को वृहद पौधारोपण किया जाना है जिसमे 200 पौधे रोपित किये जायेंगे, विगत वर्ष में आयोजित पौधे भी आज बड़े हो गये है,जिन्हें नगर के जनप्रतिनिधियों एवं समाजसेवी जनों के सहयोग से नगर विकास प्रस्फुटन समिति क्र.2 के द्वारा रोपित किया गया था, जिन्हें मुख्य रूप से समिति के अध्यक्ष जीडी पटैल के द्वारा प्रतिदिन एक बच्चे की तरह उनकी देखभाल की जा रही है, जिसमे उनका समर्पण दिखता है, ऐसे ही जन सहयोग से प्रयास किये जाना चाहिये।
साथ ही कलेक्टर की पहल पर प्रति सप्ताह नगर एवं आस-पास के धार्मिक,पर्यटन स्थल एवं अन्य महत्वपूर्ण क्षेत्रो में समाजसेवियों, सामाजिक संगठनों के सहयोग से श्रमदान एवं योग के प्रति सभी को जागरूक करने के उद्देश्य से कार्यक्रम आयोजित करने हेतु सभी का सहयोग हेतु नवांकुर संस्थाओ को प्रयास करना है।
इसके पूर्व में जन अभियान परिषद के सभी परामर्शदाताओं एवं नवांकुर संस्थाओ की समीक्षा बैठक आयोजित हुई,जिसमें मुख्य रूप से सीएमसीएलडीपी पाठ्यक्रम में प्रवेश कराना, नवांकुर संस्थाओ द्वारा सीड वॉल निर्माण का लक्ष्य अनुरूप कार्य एवं आगामी सीएमसीएलडीपी परीक्षा कार्यक्रम की तैयारी एवं एक पेड़ माँ के नाम अभियान के अंतर्गत नवांकुर संस्थाओ के द्वारा प्रति सेक्टर 1000 पौधे लगाने की कार्ययोजना बनाने समेत महत्वपूर्ण बिंदुओ पर निर्देशित करते हुये नवांकुर संस्थाओ के पूर्ववत लक्ष्यानुसार कार्य की समीक्षा की गई।
इस अवसर पर नवांकुर संस्थाओ के प्रतिनिधि के रूप में नगर विकास समिति के अध्यक्ष दिनेश साहू, सूर्या सेवा समिति से अध्यक्ष प्रीतम केवट, हैल्पिंग हैंड्स फाउंडेशन से अध्यक्ष कमलेश साहू,पवन यादव, परामर्शदाता श्वेता खरे, संजय खरे, शुभम जैन, आशीष रैकवार, नगर विकास प्रस्फुटन समिति क्र.2 से रितिक तोमर की सहभागिता रही।



