पर्यावरण

पौधरोपण कर न्यायाधीश पूर्वी तिवारी ने विद्यार्थियों को दिलाया पर्यावरण संरक्षण का संकल्प

रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान।  पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से पदमा पब्लिक हायर सेकेंडरी स्कूल, बनगवां में विशेष वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया ।  कार्यक्रम में तहसील विधिक सेवा समिति की अध्यक्ष एवं न्यायाधीश पूर्वी तिवारी ने छात्र-छात्राओं के साथ पौधरोपण कर हरियाली और स्वच्छता का संदेश दिया । नब्या सेतु ग्रुप के अध्यक्ष अक्षत शर्मा की सहभागिता में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया ।
*विद्यार्थियों को पौधों की देखभाल का संकल्प*
कार्यक्रम के दौरान न्यायाधीश पूर्वी तिवारी ने विद्यार्थियों को पेड़-पौधों के महत्व के साथ विद्यालय, घर और आसपास स्वच्छता बनाए रखने के लिए प्रेरित किया ।  उन्होंने कहा कि स्वस्थ वातावरण के लिए पौधों का संरक्षण और स्वच्छता दोनों आवश्यक हैं ।  विद्यार्थियों को लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने तथा उन्हें वृक्ष बनने तक संरक्षण देने का संकल्प दिलाया गया ।
*कोरोना काल से सीखा ऑक्सीजन का महत्व*
कार्यक्रम में कोरोना महामारी के दौरान सामने आए ऑक्सीजन संकट का उल्लेख करते हुए वृक्षों और पर्यावरण की उपयोगिता पर प्रकाश डाला गया । वक्ताओं ने कहा कि उस कठिन दौर ने शुद्ध हवा और ऑक्सीजन के महत्व को समझाया ।  इसी संदेश को ग्रामीण अंचलों तक पहुंचाने के उद्देश्य से विद्यालयों में विधिक साक्षरता शिविरों के साथ पर्यावरण संरक्षण एवं पौधरोपण संबंधी जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं ।
नब्या सेतु ग्रुप के अध्यक्ष अक्षत शर्मा द्वारा ग्रामीण क्षेत्र के विद्यालयों में विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने की पहल की जा रही है । अभियान के माध्यम से बच्चों को पौधे लगाने के साथ उनकी जिम्मेदारी लेने के लिए प्रेरित किया जा रहा है ।
*उत्कृष्ट विद्यार्थियों को किया सम्मानित*
कार्यक्रम में विभिन्न गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया ।  सम्मान मिलने पर विद्यार्थियों में उत्साह देखने को मिला ।  कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों को पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, सामाजिक जिम्मेदारी और प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता का संदेश दिया गया । विद्यालय परिसर में लगाए गए पौधों की देखभाल की जिम्मेदारी विद्यार्थियों एवं विद्यालय स्टाफ को लेने के लिए प्रेरित किया गया ।

Related Articles

Back to top button