ग्राम रक्षा समिति सदस्य पुलिस के विशेष सहयोगी : एसपी पांडे

सिलवानी। गुरुवार को सिलवानी नगर एवं ग्राम रक्षक समिति सदस्यों का सम्मेलन रॉयल गार्डन में आयोजित किया गया। जिसमें मुख्य अतिथि के तौर पर पुलिस अधीक्षक पंकज कुमार पांडे एवं एसडीओपी अनिल मौर्य, थाना प्रभारी जेपी त्रिपाठी, सुल्तानगंज थाना प्रभारी श्यामराजसिंह, बम्होरी प्रभारी प्रीतम सिंह, जेथारी चौकी प्रभारी अरविंद पाण्डेय तथा ग्राम रक्षा समिति के करीब 200 सदस्य मौजूद थे। कार्यक्रम की शुरूआत में मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्वलित एवं माल्यार्पण किया गया साथ ही स्कूल की छात्राओं के द्वारा स्वागत गीत एवं राष्ट्रगीत का कार्यक्रम भी हुआ। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एसडीओपी अनिल मौर्य ने सभी रक्षा समिति के सदस्यों एवं समाजसेवियों, मीडियाकर्मियों से समाज में सद्भाव, शांति के लिए पुलिस का परस्पर सहयोग देने का आव्हान किया। सम्मेलन को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक पंकज कुमार पांडे ने रक्षा समिति सदस्यों को पुलिस बल का अभिन्न अंग बताते हुए कहाकि जहां भी पुलिस बल की कमी होती है, वहां रक्षा समिति के सदस्य सहयोग करके बराबर ड्यूटी करते हैं। विशेषतौर पर जुलूस, जलसों एवं त्यौहारों के समय इनकी भूमिका बहुत महत्वपूर्ण होती है। भविष्य में इनका सहयोग पुलिस को मिलता रहे, इसके लिए हम भी कटिबद्ध हैं। सभी सदस्यों को बताए गए कार्यों को महत्वपूर्ण कार्य समझकर जिम्मेदारी से निभाते हुए समाजसेवा एवं व्यवस्था में परस्पर सहयोग करते रहने की बात कही।



