महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री अजीत पवार की चार्टर्ड प्लेन क्रैश में मौत
लैंडिंग के दौरान रनवे से उतरा था विमान
मुंबई । बुधवार की सुबह महाराष्ट्र की राजनीति से एक बड़ी और चिंताजनक खबर सामने आई है। उपमुख्यमंत्री अजीत पवार का एक प्राइवेट चार्टर्ड विमान बुधवार सुबह बारामती एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में अजीत पवार की मौत हो गई हैं।
उनके विमान का बारामती हवाई अड्डे के रनवे पर उतरने के दौरान हादसा हुआ । बताया जा रहा है कि लैंडिंग के दौरान विमान अनियंत्रित होकर रनवे से उतर गया, जिसके बाद उसमें आग लग गई और वह पूरी तरह जल गया। विमान में अजीत पवार के साथ उनके निजी सहायक, सुरक्षाकर्मी और प्लेन का स्टाफ भी मौजूद था। खबर है कि विमान में सवार सभी लोग घायल हुए हैं।
चुनाव प्रचार के लिए जा रहे थे बारामती
सूत्रों के अनुसार, डिप्टी सीएम अजीत पवार जिला परिषद चुनावों के सिलसिले में एक जनसभा को संबोधित करने के लिए बारामती जा रहे थे। उन्होंने इसके लिए एक निजी विमान किराए पर लिया था। हालांकि, अपनी मंजिल पर पहुंचने से पहले ही यह दुखद हादसा हो गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और बचाव दल मौके पर पहुंच गए हैं।



