मध्य प्रदेश

सादगी और परंपरा के संग संपन्न हुआ यादव समाज का सामूहिक विवाह सम्मेलन

सिलवानी में 11 जोड़े वैदिक रीति-रिवाजों से बंधे परिणय सूत्र में, दहेज प्रथा के खिलाफ दिया सामाजिक संदेश

सिलवानी। यादव समाज विकास परिषद के तत्वावधान में नगर के कठिया मंदिर परिसर में 38वां सामूहिक आदर्श विवाह सम्मेलन सादगीपूर्ण एवं पारंपरिक वातावरण में संपन्न हुआ। इस अवसर पर समाज के 11 जोड़े वैदिक रीति-रिवाजों के साथ विवाह बंधन में बंधे। पूरे आयोजन में उत्साह, अनुशासन और सामाजिक एकता की भावना स्पष्ट रूप से देखने को मिली।कार्यक्रम का शुभारंभ पूजन एवं गणेश वंदना के साथ हुआ। इसके पश्चात पंडित संजय शास्त्री ने विधिवत वैवाहिक संस्कार संपन्न कराए। मंत्रोच्चार एवं धार्मिक विधियों के बीच नवविवाहित जोड़ों ने सात फेरे लेकर जीवनभर साथ निभाने का संकल्प लिया। समारोह में उपस्थित अतिथियों एवं समाजजनों ने नवदंपत्तियों को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखद दांपत्य जीवन की कामना की। इस अवसर पर पूर्व विधायक रामपाल सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष राकेश शर्मा विधायक देवेंद्र पटेल एवं पूर्व मंत्री हर्ष यादव सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं समाज के वरिष्ठ सदस्य उपस्थित रहे। अतिथियों ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि यादव समाज शिक्षा, राजनीति, व्यापार और सेवा जैसे विभिन्न क्षेत्रों में निरंतर अग्रणी भूमिका निभा रहा है। उन्होंने सामूहिक विवाह सम्मेलनों को सामाजिक एकता, सहयोग एवं आर्थिक सशक्तिकरण का प्रभावी माध्यम बताया।सम्मेलन केवल विवाह आयोजन तक सीमित नहीं रहा, बल्कि सामाजिक जागरूकता का मंच भी बना। वक्ताओं ने दहेज प्रथा के खिलाफ आवाज उठाते हुए सादगीपूर्ण विवाह को अपनाने की अपील की। साथ ही प्री-वेडिंग जैसे अनावश्यक खर्चों से बचने और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने पर जोर दिया गया।समिति सदस्यों के अनुसार यह आयोजन समाजजनों के सहयोग एवं दान से सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम के अंत में समाज अध्यक्ष दिनेश यादव ने सभी अतिथियों, सहयोगकर्ताओं एवं उपस्थित जनसमूह का आभार व्यक्त किया।इस भव्य आयोजन में भाजपा मंडल अध्यक्ष श्याम, भाजपा नेता विभोर नायक, पूर्व हिंदू उत्सव समिति अध्यक्ष नारायण यादव, कांत यादव, प्रदीप कुशवाहा, सत्येंद्र यादव सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button