गुरुकुल हायर सेकेण्डरी स्कूल में विधिक साक्षरता शिविर सम्पन्न
सिलवानी । मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के निर्देशानुसार, माननीय प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश रायसेन अनीस कुमार मिश्रा के मार्गदर्शन में तहसील विधिक सेवा समिति सिलवानी द्वारा विश्व मानसिक स्वास्थ्य सप्ताह अंतर्गत 14 अक्टूबर शनिवार को गुरुकुल हायर सेकेण्डरी स्कूल सिलवानी में विधिक साक्षरता शिविर आयोजित किया गया।
उक्त शिविर में अध्यक्ष तहसील विधिक सेवा समिति सिलवानी अतुल यादव द्वारा उपस्थित छात्र/छात्राओं को मानसिक स्वास्थ्य दिवस सप्ताह पर जागरूक करते हुए बताया कि इन दिनों खराब लाइफस्टाइल, लगातार बिगड़ी खानपान की शैली के कारण स्वास्थ्य संबंधित कई दिक्कते बहुत आम हो गई हैं। जिनमें से मेंटल हेल्थ की खराबी, डिप्रेशन आदि बहुत तेजी से अपने पाव पसार रही हैं। लेकिन अब समस्या ये है कि देश ही नहीं बल्कि दुनिया भर में भी मानसिक स्वास्थ्य को इतना महत्व नहीं दिया जाता है। स्ट्रेस, डर, नींद की कमी, डिप्रेशन, तनाव को लोग बहुत हल्के में लेने लगते हैं, जो समय रहते ठीक नहीं होने पर बहुत घातक हो सकता है। इन्ही परिणामों से बचने के लिए हर साल विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस मनाया जाता है जिसका उद्देश्य दुनिया को मानसिक स्वास्थ्य के महत्व को समझाना है। न्यायाधीश द्वारा छात्र/छात्राओं को बताया गया कि हमें मानसिक रोगियों से सहानुभूति पूर्वक व्यवहार करना चाहिए और ऐसे लोगों की सूचना नजदीकी थाना या अस्पताल को देनी चाहिए।
इसके साथ ही न्यायाधीश अतुल यादव द्वारा प्रथम सूचना रिपोर्ट, लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम, बाल श्रम, बाल शिक्षा, के बारे में विस्तार से बताया गया । मोटर व्हीकल एक्ट की जानकारी देते हुए बताया कि प्रत्येक बच्चों को बिना लाइसेंस एवं बीमा तथा फिटनेस के वाहन नहीं चलाना चाहिए। यदि व्यक्ति के पास वाहन चलाने का लाइसेंस व बीमा नहीं है और दुर्घटना हो जाती है तो वाहन चालक व मालिक को क्लेम राशि का भुगतान करना पड़ सकता है।
शिविर में स्कूल उप प्राचार्य शैलेन्द्र त्रिपाठी, शिक्षको सहित छात्र एवं छात्राएं मौजूद रही ।



