नवरात्रि एवं दशहरा पर्व की तैयारियों को लेकर हुई बैठक

ब्यूरो चीफ : शब्बीर अहमद
बेगमगंज। हिंदू उत्सव समिति के पदाधिकारियों, संचालकों एवं संरक्षकों की एक महत्वपूर्ण बैठक नगर के पंचमुखी हनुमान मंदिर प्रांगण में शाम 8:00 बजे आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी नवरात्रि एवं दशहरा पर्व के दौरान होने वाले धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों की तैयारियों पर चर्चा करना रहा।
बैठक की शुरुआत मां दुर्गा की वंदना से की गई। इसके बाद समिति सदस्यों ने नवरात्रि के दौरान प्रतिदिन होने वाले पूजन-अर्चन, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और झांकियों की रूपरेखा पर विचार-विमर्श किया। दशहरे पर होने वाले ऐतिहासिक रावण दहन कार्यक्रम पर भी विशेष चर्चा की गई। रावण दहन स्थल पर सुरक्षा, प्रकाश व्यवस्था, यातायात नियंत्रण और भीड़ प्रबंधन को लेकर सुझाव प्रस्तुत किए गए।
इसके साथ ही नवरात्रि उपरांत निकलने वाले चल समारोह तथा दशहरे के दिन परंपरागत अखाड़ा जुलूस की तैयारियों को लेकर भी विचार हुआ। पदाधिकारियों ने कहा कि सभी कार्यक्रमों को भव्य और अनुशासित बनाने के लिए नगरवासियों का सहयोग आवश्यक है।
बैठक में यह निर्णय भी लिया गया कि उपसमितियों का गठन कर जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी, जिससे नवरात्रि और दशहरा पर्व का आयोजन परंपरागत श्रद्धा और उत्साह के साथ सम्पन्न हो सके।



