किसान संगठन गैरतगंज की बैठक संपन्न, किसानों की गंभीर समस्याओं पर हुई चर्चा

रिपोर्टर : रीना विनोद मालवीय
गैरतगंज। किसान संगठन गैरतगंज की एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्र के किसानों की विभिन्न ज्वलंत समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में किसानों ने अपनी परेशानियां खुलकर रखीं।
बैठक में प्रमुख रूप से निम्न मुद्दे सामने आए—
सोयाबीन भाव अंतर की राशि अभी तक कई किसानों के खातों में जमा नहीं की गई है, जिससे किसान आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं।
हिनौतिया खालसा बांध का निर्माण कार्य पिछले एक वर्ष से बंद पड़ा है, जिससे सिंचाई व्यवस्था प्रभावित हो रही है।
बिजली विभाग द्वारा कई किसानों पर झूठे प्रकरण (केस) बनाए जा रहे हैं, जिससे किसानों को मानसिक और आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
आवारा मवेशियों की समस्या पर अब तक प्रशासन द्वारा कोई ठोस व्यवस्था नहीं की गई है, जिसके कारण किसानों की फसलें लगातार बर्बाद हो रही हैं।
मंडी परिसर में अब तक धर्म कांटा स्थापित नहीं किया गया है, जिससे किसानों को तौल में असुविधा हो रही है।
इनके अलावा भी किसानों से जुड़ी कई अन्य समस्याओं पर विचार-विमर्श किया गया। बैठक में निर्णय लिया गया कि किसान संगठन शीघ्र ही एक और बैठक आयोजित कर इन सभी मुद्दों पर रणनीति बनाकर संघर्ष को आगे बढ़ाएगा।



