एक पंगत-एक संगत भंडारे में 5000 नगर वासियों ने ग्रहण की प्रसादी
हिंदू सम्मेलन सांदीपनी विद्यालय परिसर पर आयोजित
पंच परिवर्तन का दिया संदेश, सिलवानी नगर सकल हिंदू समाज का भव्य आयोजन
सिलवानी । संस्कारों की पहली पाठशाला परिवार है, जहां से राष्ट्रभक्ति का बीज अंकुरित होता है. भारत को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने के लिए स्वदेशी को अपनाना आवश्यक है, जिससे स्थानीय उद्योग और श्रमिक सशक्त हों।
यह बात सिलवानी नगर में सकल हिंदू समाज के तत्वावधान में संपन्न हुए एक विशाल हिंदू सम्मेलन मुख्य वक्ता के रूप में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के डा राजेश सेठी प्रान्त सह संघचालक ने उपस्थित जन समूह को संबोधित करते हुए व्यक्त किए। अपने ओजस्वी उद्बोधन में उन्होंने कहा कि यह आयोजन तभी सफल होगा जब समाज का अंतिम व्यक्ति जाति-भेदभाव व ऊँच-नीच से ऊपर उठकर एकता के भाव से चलते हुए राष्ट्र भक्ति को अपने आचरण में धारण करेगा. अपने उद्बोधन में डॉ राजेश सेठी ने पंच परिवर्तन को राष्ट्र निर्माण का मूल मंत्र बताकर पर्यावरण संरक्षण को जीवन का संस्कार बनाते हुए
जल, वन और भूमि की रक्षा का आह्वान किया. कुटुंब प्रबोधन पर बोलते हुए उन्होंने नागरिक अनुशासन को मजबूत लोकतंत्र की आधारशिला बताते हुए नियमों के पालन पर जोर दिया. सामाजिक समरसता को उन्होंने भारत की आत्मा कहा और कि जब समाज इन पांच परिवर्तनों को अपने आचरण में उतार लेगा, तब राष्ट्र स्वतः ही विश्वगुरु की दिशा में अग्रसर होगा. सम्मेलन का उद्देश्य समाज में व्याप्त कुरीतियों को दूर करना, सामाजिक समरसता को मजबूत करना और राष्ट्रभक्ति की भावना को सुदृढ़ करना रहा। कार्यक्रम में
1008 अशोक दास जी महाराज अयोध्या, जैन संत बाल ब्रह्मचारी बसंत महाराज जी नगर खेड़ापति नरेश शास्त्री, संजय शास्त्री कार्यक्रम के संयोजक दीपेश समैया, सह संयोजक ममता दीदी मंच पर उपस्थित रहें। उपस्थित संतों ने अपने उद्बोधन में सनातन धर्म के वैज्ञानिक और आध्यात्मिक पक्ष पर प्रकाश डालते हुए धर्म के मार्ग पर दृढ़ रहने प्रेरणा दी।
कार्यक्रम का प्रभावी और सशक्त संचालन दीनानाथ श्रीवास्तव द्वारा किया गया।
सम्मेलन के समापन पश्चात सांदीपनी विद्यालय परिसर में विशाल भंडारे का आयोजन हुआ, जहां सभी उपस्थित जनों ने प्रेम, सौहार्द और समरसता के साथ महाप्रसादी ग्रहण की. कार्यक्रम में नगर के सभी वार्डों
से हजारों की संख्या में नागरिक उपस्थित रहे. अंत में आयोजन समिति सकल हिंदू समाज ने कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग करने वाले सभी कार्यकर्ताओं, नगरवासियों और अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया। हिन्दू सम्मेलन के पूर्व बीजासेन मंदिर से विशाल कलश यात्रा निकालो गई। जो नगर प्रमुख मार्गो से होकर कार्यक्रम स्थल पहुंची।




