मध्य प्रदेश

उमरियापान के सांदीपनि विद्यालय के नए भवन के लिए विधायक ने मुख्यमंत्री से मांगी राशि

भूमि आवंटित, अब भवन निर्माण की स्वीकृति राशि जारी करने का किया आग्रह, विधार्थियों को मिलेगा आधुनिक एवं सुविधायुक्त शैक्षणिक वातावरण
रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । बड़वारा विधानसभा क्षेत्र के विधायक धीरेन्द्र बहादुर सिंह ने उमरियापान में संचालित सांदीपनि विद्यालय के नवीन भवन निर्माण को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र लिखकर आवश्यक राशि शीघ्र स्वीकृत जारी करने का आग्रह किया है। विधायक ने कहा कि विद्यालय के नए भवन के निर्माण से क्षेत्र के विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बढ़ावा मिलेगा।
विधायक ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि उमरियापान का सांदीपनि विद्यालय वर्तमान में पुराने एवं आवश्यकता के अनुरूप नहीं रहने वाले भवन में संचालित हो रहा है। भवन में पर्याप्त कक्ष, आधुनिक शैक्षणिक सुविधाएं तथा विद्यार्थियों के लिए आवश्यक आधारभूत व्यवस्थाओं का अभाव है, जिससे अध्ययन-अध्यापन कार्य प्रभावित होता है।
उन्होंने बताया कि विद्यालय के नए भवन के निर्माण के लिए शासन द्वारा भूमि का आवंटन पहले ही किया जा चुका है। अब केवल निर्माण कार्य प्रारंभ करने के लिए आवश्यक वित्तीय स्वीकृति राशि जारी होना शेष है। यदि शीघ्र राशि स्वीकृत कर दी जाती है तो भवन निर्माण कार्य प्रारंभ होकर विद्यार्थियों को जल्द ही नए परिसर का लाभ मिल सकेगा ।
विधायक धीरेन्द्र बहादुर सिंह ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि शिक्षा के क्षेत्र में प्रदेश सरकार की प्राथमिकताओं को ध्यान में रखते हुए इस महत्वपूर्ण मांग पर शीघ्र निर्णय लिया जाए। उन्होंने कहा कि नया विद्यालय भवन बनने से न केवल विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षण वातावरण मिलेगा, बल्कि शिक्षकों को भी आधुनिक संसाधनों के साथ शिक्षण कार्य करने में सुविधा होगी ।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव इस मांग पर सकारात्मक निर्णय लेते हुए शीघ्र आवश्यक राशि स्वीकृत करेंगे, जिससे उमरियापान सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए आधुनिक भवन की सुविधा उपलब्ध हो सके ।
इस संबंध में विधायक द्वारा भेजे गए पत्र की प्रतिलिपि स्कूल शिक्षा मंत्री, प्रमुख सचिव स्कूल शिक्षा विभाग, आयुक्त लोक शिक्षण संचालनालय, कलेक्टर कटनी एवं जिला शिक्षा अधिकारी कटनी को भी प्रेषित की गई है, ताकि निर्माण प्रक्रिया में आवश्यक प्रशासनिक कार्रवाई शीघ्र सुनिश्चित की जा सके।

Related Articles

Back to top button