क्राइम

5 साल की बच्ची की हत्या का खुलासा, ऑनलाइन गेम में लाखों रुपए हार चुके युवक ने मारा

क्राइम सीरियल से मिला था आइडिया
रिपोर्टर : मनीष यादव
टीकमगढ़ । शहर के देहात थाना क्षेत्र के आलमपुरा गांव में तीन दिन पहले संदिग्ध परिस्थितियों में हुई बच्ची की मौत के मामले में सोमवार को पुलिस ने खुलासा कर दिया। एसपी ने बताया कि ऑनलाइन जुए में पैसे हार चुके युवक ने फिरौती के चक्कर में बच्ची की हत्या की थी। पूछताछ में पता चला कि आरोपी ने क्राइम सीरियल देखकर हत्या की घटना को अंजाम दिया है।
26 जून की रात देहात थाना क्षेत्र के आलमपुरा गांव में तालाब के पास 5 वर्षीय अभ्या पिता अरविंद कुशवाहा का शव पड़ा मिला था। शुरुआती जांच में बच्ची के सिर पर चोट के निशान मिले थे। पीएम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि हो जाने के बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर घटना की जांच शुरु की थी। एसपी रोहित काशवानी ने बताया कि जांच के दौरान पता चला कि बच्ची के पड़ोस में रहने वाला 18 वर्षीय अभिषेक कुशवाहा लोगों से कई दिनों से पैसों की मांग कर रहा था। संदेह के आधार पर उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
इस दौरान आरोपी ने बताया कि ऑनलाइन ट्रेडिंग साइट पर रुपए हार जाने के कारण लाखों रुपए का कर्ज हो गया है। कर्ज चुकाने के लिए क्राइम सीरियल देखकर उसके मन में फिरौती का ख्याल आया। जिसके चलते उसने बच्ची को बहला फुसलाकर अपने पास बुलाया और उसकी हत्या कर शव तालाब में फेंक दिया था। आरोपी ने बताया कि हत्या के बाद बच्ची के पिता से फिरौती मांगने की फिराक में था। इसी दौरान पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
*बोरी में डालकर तालाब में फेंका*
देहात थाना प्रभारी रवि गुप्ता ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि बच्ची को अकेला देखकर चॉकलेट का लालच देकर उसे बुलाया। इसके बाद मुंह दबाकर हाथ के कड़े से उसके सिर पर कई वार कर हत्या कर दी।
इसके बाद बोरी में डालकर मोटर साइकिल से गांव के पास बने तालाब पर जाकर फेंक दिया था। पुलिस ने आरोपी अभिषेक कुशवाहा के खिलाफ हत्या की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश कर दिया है।

Related Articles

Back to top button