31 जनवरी तक पूरा करना होगा कक्षा 1 से 8वीं तक का पाठ्यक्रम

जनगणना के दूसरे चरण को देखते हुए राज्य शिक्षा केंद्र ने जारी किए निर्देश
रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
*उमरियापान*। मध्यप्रदेश के सरकारी स्कूलों में कक्षा 1 से 8वीं तक पढ़ने वाले विद्यार्थियों का पाठ्यक्रम इस शैक्षणिक सत्र में 31 जनवरी तक पूरा कराया जाएगा। राज्य शिक्षा केंद्र ने आगामी फरवरी से शुरू होने वाली जनगणना के दूसरे चरण को ध्यान में रखते हुए सभी जिला शिक्षा अधिकारियों और जिला परियोजना समन्वयकों को आवश्यक निर्देश जारी किए हैं।
निर्देशों में कहा गया है कि जनगणना कार्य के दौरान शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। ऐसे में विद्यार्थियों की पढ़ाई और परीक्षा की तैयारी प्रभावित न हो, इसके लिए 31 जनवरी से पहले पाठ्यक्रम पूरा कराना प्राथमिकता होगी।
राज्य शिक्षा केंद्र ने शिक्षा सत्र 2026-27 के तहत सभी जिलों में विद्यालयों को निर्देश दिए हैं कि शेष पाठ्यक्रम को अगले चार माह में पूरा कराया जाए। आवश्यकता के अनुसार स्कूलों की समय-सारणी में संशोधन कर अतिरिक्त कक्षाएं भी लगाई जा सकती हैं।
शैक्षणिक कैलेंडर में विषय-वस्तु का विभाजन पहले ही किया गया है। वहीं वार्षिक मूल्यांकन की तैयारी को देखते हुए विद्यार्थियों को निर्धारित दक्षताएं हासिल कराना भी सुनिश्चित करने को कहा गया है।
जनगणना के दौरान पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए संबंधित अधिकारियों को विद्यालयों में शैक्षणिक व्यवस्था सुचारु बनाए रखने और जारी निर्देशों का अनिवार्य रूप से पालन कराने के निर्देश दिए गए हैं।



