नगर पंचायत ने सड़क किनारे से हटाया अतिक्रमण
रिपोर्टर : अशीष रजक
उदयपुरा। रायसेन कलेक्टर के निर्देश अनुसार उदयपुरा तहसीलदार शत्रुहन सिंह, नगर पंचायत सीएमओ पवन कुमार शर्मा एवं थाना प्रभारी प्रकाश शर्मा ने नगर के बीचो बीच अवैध कब्जाधारियों के खिलाफ कार्रवाई की। सेंट्रल बैंक से गल्ला बाजार तक जाने वाले मार्ग पर सड़क किनारे ठेला लगाकर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ कब्जा हटाकर कार्रवाई की गई।
लंबे अरसे के बाद नगर पंचायत उदयपुरा द्वारा नाजायज कब्जाधारियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। नगर पंचायत द्वारा समय-समय पर कब्जाधारियों के खिलाफ कार्रवाई न करने के कारण नगर में अतिक्रमण लगातार बढ़ रहा था।
नगर उदयपुरा में अतिक्रमणधारियों की संख्या तीव्र गति से बढ़ी है जिसमें आम आदमी से लेकर राजनीतिक पहुंच तक के लोग शामिल हैं और बहुत से लोग सरकारी जमीन पर बड़ी-बड़ी बिल्डिंग बनाकर रह रहे हैं। लेकिन नगर पंचायत द्वारा जब भी अवैध अतिक्रमणधारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाती है तो उसमें केवल आम आदमियों के ही अवैध कब्जे हटाए जाते हैं। बाकी बड़ी मछलियों के खिलाफ आज तक कोई कार्रवाई नहीं की गई। सिर्फं छोटा कब्जा ही हटाया गया है।
नगर पंचायत सीएमओ पवन कुमार शर्मा ने बताया कि यह कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी छोटा हो या बड़ा राजनीतिक हो या गैर राजनीतिक कच्चा हो या पक्का सभी पर वैधानिक रूप से कार्यवाही की जाएगी
अतिक्रमण को हटाया जाएगा।
इससे पूर्व इस संबंध में जितने भी नगर पंचायत के जिम्मेदार अधिकारियों से चर्चा की गई तो उनके द्वारा एक ही रटा-रटाया जवाब दिया जाता है कि नोटिस जारी कर कार्रवाई करेंगे लेकिन आज तक बड़ी मछलियों के खिलाफ नगर पंचायत अवैध अतिक्रमण हटाने में नाकामयाब रही। परंतु अब वर्तमान सीएमओ पवन कुमार शर्मा की कार्यशैली को देखते हुए लगता है कि इन बड़ी मछलियों को भी जल्द जाल में फंसा लिया जाएगा इन पर भी कार्रवाई होगी। मीडिया से बातचीत के दौरान सीएमओ पवन कुमार शर्मा ने बताया कि जल्द से जल्द नगर के बीचो-बीच खोदी गई सड़कों का काम भी चालू कर दिया जाएगा। साथ ही बस स्टैंड उदयपुरा सीमेंट करण के लिए टीएस पास होते ही काम लगा दिया जाएगा।



