फेसबुक पर अभद्र टिप्प्णी के बाद नवविवाहिता ने दी जान

ढीमरखेड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम कटारिया का मामला
रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । ढीमरखेड़ा थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम कटारिया में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां 25 वर्षीय नवविवाहिता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. परिजनों का आरोप है कि पड़ोस में रहने वाले एक युवक द्वारा फेसबुक स्टेटस पर की गई अभद्र टिप्पणियों और घर आकर किए गए अपमान के कारण महिला ने यह आत्मघाती कदम उठाया।
*फेसबुक स्टेटस से शुरू हुआ विवाद*
प्राप्त जानकारी के मुताबिक शनिवार की सुबह पड़ोस में रहने वाले शिवम चौधरी ने युवती के फेसबुक स्टेटस को लेकर आपत्तिजनक और अमर्यादित टिप्पणियाँ शुरू की थीं. आरोप है कि विवाद सिर्फ सोशल मीडिया तक सीमित नहीं रहा; बल्कि शिवम और उसके परिवार के सदस्यों ने युवती के घर पहुँचकर उसके साथ जमकर अभद्रता की और अश्लील भाषा का प्रयोग किया।
*मासूम बच्चों के सिर से उठा मां का साया*
इस सार्वजनिक अपमान से सदमे में आई युवती ने घर में फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली. वह अपने पीछे दो छोटे बच्चे छोड़ गई है, जिनमें एक दो साल की बेटी और महज छह महीने का बेटा शामिल है. शोकाकुल परिवार ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गुहार लगाई है।
घटना की सूचना मिलते ही ढीमरखेड़ा थाना प्रभारी अभिषेक चौबे पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुँचे. पुलिस ने शव को फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उमरियापान भिजवाया है।
थाना प्रभारी ने अभिषेक चौबे ने बताया कि परिजनों के बयानों के आधार पर मामले की सूक्ष्मता से जांच की जा रही है और दोषियों को जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा।



