सेवानिवृत्ति पर बच्चों के नाम स्नेह की सौगात: शिक्षक डालचंद उइके ने विद्यार्थियों को बांटे स्वेटर

रिपोर्टर : रवि राय
गैरतगंज। प्रत्येक माह के अंतिम दिवस शासकीय अधिकारी एवं कर्मचारी सेवानिवृत्त होते हैं। इसी क्रम में इस वर्ष के अंतिम माह दिसंबर में प्राथमिक शिक्षक डालचंद उइके शासकीय सेवा से सेवानिवृत्त हुए। अपने लंबे सेवाकाल के दौरान उन्होंने शिक्षा को केवल पाठ्यक्रम तक सीमित न रखकर बच्चों के सर्वांगीण विकास को प्राथमिकता दी।
डालचंद उइके की प्रथम नियुक्ति 19 मार्च 1987 को बनियाखेड़ी प्राथमिक शाला में हुई थी। इसके बाद उन्होंने खमरियागंज, मनगवा एवं पापड़ा जैसे विभिन्न विद्यालयों में अपनी सेवाएँ दीं। वर्ष 2007 से वे प्राथमिक शाला देवरीगंज, विकासखंड गैरतगंज में पदस्थ रहे और यहीं से उन्होंने सेवानिवृत्ति ली।
अपने कार्यकाल में डालचंद उइके ने विद्यार्थियों को अध्ययन के साथ-साथ आवश्यक शैक्षणिक सामग्री जैसे किताबें, कॉपियाँ तथा पहनने के कपड़े भी समय-समय पर उपलब्ध कराए। बच्चों के प्रति उनका स्नेह और संवेदनशीलता सेवानिवृत्ति के अवसर पर एक बार फिर देखने को मिली, जब उन्होंने विद्यालय के समस्त विद्यार्थियों को स्वेटर वितरित किए।
इस अवसर पर डालचंद उइके ने कहा कि कई बच्चे ठंड के मौसम में बिना स्वेटर के विद्यालय आते थे, इसी को ध्यान में रखते हुए उन्होंने स्वेटर वितरण का निर्णय लिया। उनकी यह पहल उपस्थित सभी लोगों के लिए प्रेरणास्रोत बनी।
सेवानिवृत्ति समारोह में शाला के शिक्षकगण, जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं ग्रामवासी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे और डालचंद उइके के सेवाभाव, समर्पण एवं मानवीय दृष्टिकोण की मुक्तकंठ से सराहना की।



