एक बार फिर वीरेंद्र कुमार बने सामाजिक न्याय विभाग मंत्री

शिवराज कृषि मंत्री, सिंधिया दूरसंचार मंत्री ग्रामीण विकास भी संभालेंगे चौहान
रिपोर्टर : मनीष यादव
टीकमगढ़ । मोदी मंत्रिमंडल में शामिल सभी 71 मंत्रियों को मंत्रालय का बंटवारा कर दिया गया है। मध्यप्रदेश से बनाए गए तीन कैबिनेट मंत्री और दो राज्य मंत्रियों को भी अलग-अलग मंत्रालय की जिम्मेदारी दी गई है। इनमें केंद्रीय कैबिनेट मंत्री शिवराज सिंह चौहान को कृषि एवं किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्रालय की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
केंद्रीय कैबिनेट मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को संचार मंत्रालय की जिम्मेदारी सौंपी गई है। मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल में उनके पास सिविल एविएशन मंत्रालय था। जो इस बार राम मोहन नायडू को दिया गया है। सिंधिया पूर्वोत्तर क्षेत्र के विकास मंत्रालय भी संभालेंगे।
केंद्रीय कैबिनेट मंत्री डॉ. वीरेन्द्र कुमार खटीक को सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय की जिम्मेदारी दी गई है। मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल में भी उनके पास इसी मंत्रालय की जिम्मेदारी थी।
केंद्रीय राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर को महिला एवं बाल विकास मंत्रालय की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं केंद्रीय राज्य मंत्री दुर्गादास उईके को जनजातीय मामलों के मंत्रालय की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
MP के खाते में दूसरी बार कृषि, तीसरी बार सामाजिक न्याय
यह लगातार दूसरी बार है जब मध्यप्रदेश से केंद्र में मंत्री को कृषि विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है। शिवराज सिंह चौहान को कृषि की जिम्मेदारी दी गई है। ये विभाग मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल में नरेंद्र सिंह तोमर के पास था। इसी तरह डॉ. वीरेंद्र कुमार खटीक को सामाजिक न्याय की जिम्मेदारी दी गई है। मोदी सरकार के पहले कार्यकाल में इस विभाग की जिम्मेदारी थावरचंद गेहलोत के पास थी। दूसरे कार्यकाल में भी उन्हें यही मंत्रालय दिया गया। इस बीच कर्नाटक का राज्यपाल बनाने से पहले उन्होंने मंत्री पद से इस्तीफा दिया। जिसके बाद वीरेंद्र कुमार खटीक को सामाजिक न्याय और अधिकारिता विभाग की जिम्मेदारी दी गई।



