नाना के घर आई दो बहनों की सिंदूर नदी में नहाने के दौरान डूबने से मौत
रिपोर्टर : प्रशांत जोशी
देवरी । देवरी थाना क्षेत्र के इमलिया गांव से निकली सिंदूर नदी में डूबने से दो बहनों की मौत हो गई। दोनों बालिकाएं अपनी मां के साथ नाना के घर आई थीं, जो बुधवार की दोपहर 12 बजे नदी में नहाने गई थीं। इन बच्चियों को गांव के लोगों ने डूबते हुए देखकर बचाने का प्रयास भी किया, लेकिन वे गहरे पानी में डूब गई।
देवरी थाना प्रभारी हरिओम पटेल ने बताया कि कलमेंटा गांव से भगवती बाई पत्नी श्रीराम आदिवासी राजमार्ग पर एक शादी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए तीन दिन पहले आई थी। शादी के बाद भागवती अपने बच्चों के साथ मायके इमलिया गांव आ गई। उसकी बड़ी बेटी प्रियंका 13 साल और दीपाली 10 साल गांव से निकली सिंदूर नदी में अकेले ही नहाने के लिए चली गईं। डूबते समय उनके चिल्लाने पर नदी पर मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन वे उन्हें नहीं बचा पाए। बच्चियों के मामा राघवेंद्र आदिवासी और नाना हीरालाल आदिवासी भी नदी पर पहुंच गए थे। करीब आधे घंटे बाद दोनों बच्चियों को नदी से बाहर निकाल पाए। इसके बाद परिजन उन्हें बरखंदा में एक प्राइवेट डॉक्टर की क्लीनिक पर लेकर पहुंचे तो डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिजनों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को पीएम के लिए अस्पताल पहुंचाया। परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है और गांव में शोक का माहौल बना हुआ है।



