वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, लाखों की अवैध लकड़ी को जब्त कर लिया जांच में
रिपोर्टर : शब्बीर अहमद
बेगमगंज । वन परिक्षेत्र गढ़ी के छापामार दल और बेगमगंज वन परिक्षेत्र के संयुक्त दल द्वारा शहर के 3 स्थानों पर छापामार कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में सागौन की बल्लीयां, सिल्लीयां, और बना हुआ फर्नीचर जब्त करने की कार्रवाई देर शाम तक चलती रही । लखेरा मोहल्ला में एक लाइसेंसी के यहां से भी काफी तादाद में लकड़ी जब्त हुई है जिस के मामले को जांच में लिया गया है। वही चोर बावड़ी पर एक ही स्थान पर भारी मात्रा में सागौन की इमारती लकड़ी जब्त की गई हैं । जबकि एक मकान की तलाशी लेने पर वहां कुछ नहीं मिला तो कुछ कमरों में ताले डले होने से उनकी तलाशी नहीं ली जा सकी। इस युवक के मकान में इमारती लकड़ी की जानकारी मिली थी वह मौके से गायब हो गया जिसकी तलाश जारी है।
जानकारी के अनुसार क्षेत्र में अवैध रूप से सागौन की कटाई कर उसे भोपाल भेजा जा रहा है । गत रात्रि 407 पिक अप गाड़ी वन परिक्षेत्र गढ़ी के छापामार दल द्वारा पकड़े जाने पर उसके द्वारा जानकारी दी गई कि लकड़ी चोर बावड़ी पर एक व्यक्ति से खरीदी गई है। जिस पर संयुक्त दल द्वारा उसके मकान की तलाशी ली गई लेकिन वहां पर कुछ हाथ नहीं लग पाया कुछ कमरों में ताला डला हुआ था ,वही चोर बावड़ी पर सुंदर विश्वकर्मा के यहां पर भी छापामार कार्रवाई कर लकड़ी जप्त की गई है। जबकि दूसरे मामले में हरदौट के करीब जंगल से अवैध रूप से सागौन की लकड़ी काटकर ले जाने वाले व्यक्तियों के पकड़े जाने पर जब कड़ाई से पूछताछ की गई तो उन्होंने लकड़ी लखेरा मोहल्ला गणेश मंदिर के पास स्थित छोटे खां के कदीर फर्नीचर पर बेंचना बताया जिस पर वहां पर भी छापामार कार्रवाई की गई और भारी तादाद में सागौन की चिरी और बनी हुई लकड़ी जब्त की गई, देर शाम तक जब्ती की कार्रवाई चलती रही, वन विभाग की पिकअप और ट्राली से जब्त लकड़ी को ले जाया गया। जब्त कर डिपो के अंदर रखी गई है और मामले की जांच इसलिए की जा रही है कि संबंधित व्यक्ति लाइसेंस धारी है उसने कितनी डिपो से लकड़ी क्रय की है और कितना स्टाक है उसका मिलान रजिस्टर से किए जाने के बाद कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
इस संबंध में गढ़ी वन परिक्षेत्र के छापामार दल के रेंजर रजनीश शुक्ला ने बताया कि भारी मात्रा में लकड़ी जब्त कर मामला जांच में लिया है लाइसेंसधारी के स्टाक से मिलान करने के बाद कितनी लकड़ी जप्त की गई है उसकी डिटेल बाद में बता पाएंगे और जो चोर बावड़ी पर से युवक गायब हो गया है उसकी तलाश की जा रही है।




