रनेह थाना क्षेत्र में भूसे का ओवरलोड परिवहन, कभी भी हो सकता है बड़ा हादसा

ब्यूरो चीफ : भगवत सिंह लोधी
दमोह । जिले के रनेह थाना क्षेत्र में इन दिनों रात होते ही भूसे से भरे ओवरलोड वाहनों का परिवहन तेज़ी से किया जा रहा है। ट्रैक्टर-ट्रॉली और अन्य वाहनों में क्षमता से कहीं अधिक भूसा भरकर सड़कों पर दौड़ाया जा रहा है, जिससे क्षेत्र में दुर्घटना का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार देर रात से लेकर सुबह तक बड़ी संख्या में भूसे से लदे वाहन मुख्य सड़कों और गांवों के रास्तों से गुजरते हैं। इन वाहनों में इतना अधिक भूसा भरा होता है कि कई बार वाहन चालक को सामने का रास्ता भी ठीक से दिखाई नहीं देता। साथ ही तेज़ हवा या मोड़ पर वाहन असंतुलित होने का खतरा भी बना रहता है, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
ग्रामीणों का कहना है कि ओवरलोड वाहनों के कारण सड़क पर चलने वाले अन्य वाहन चालकों और राहगीरों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ जाती है। रात के समय सड़क पर रोशनी कम होने और वाहनों की गति अधिक होने से दुर्घटना की संभावना और बढ़ जाती है।
इतने बड़े पैमाने पर हो रहे इस ओवरलोड परिवहन के बावजूद जिम्मेदार विभागों की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई सामने नहीं आई है। ऐसे में पुलिस की कार्यशैली भी सवालों के घेरे में आ गई है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन और पुलिस से मांग की है कि इस तरह के ओवरलोड वाहनों पर सख्ती से कार्रवाई की जाए, ताकि संभावित हादसों को रोका जा सके और आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।



