धार्मिक

मोहर्रम की पर्व को लेकर शांति समिति की बैठक आयोजित

ब्यूरो चीफ : शब्बीर अहमद
बेगमगंज । मोहर्रम शरीफ के त्यौहार को लेकर थाना परिसर में शांति समिति की बैठक एसडीएम सौरभ मिश्रा की अध्यक्षता में आयोजित की गई विशेष रूप से एसडीओपी आलोक श्रीवास्तव, तहसीलदार एसआर देशमुख, थाना प्रभारी संतोष सिंह ठाकुर, सीएमओ कृष्णकांत शर्मा, सीईओ आशीष जोशी, सीबीएमओ दिनेश गुप्ता, विद्युत अधिकारी श्रीवास्तव सहित अन्य विभागों के अधिकारी जनप्रतिनिधि पत्रकार गण शांति समिति सदस्य मौजूद थे।
बैठक में उपस्थित सभी लोगों ने बिजली समस्या को लेकर भारी आक्रोश व्यक्त किया जिसका समर्थन अधिकारियों ने भी करते हुए बिजली विभाग के अधिकारियों की उपस्थिति नहीं होने पर आक्रोश व्यक्त किया वरिष्ठ अधिकारियों से संपर्क के बाद बिजली कंपनी के अधिकारी पहुंचे सभी ने एक स्वर में चेतावनी दी कि यदि बिजली की समस्या हल नहीं की गई तो आंदोलन होना निश्चित है।
मोहर्रम पर्व पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की जानकारी अध्यक्ष शकील अहमद द्वारा देते हुए 13 जुलाई से 18 जुलाई तक सवारी व चल समारोह के कार्यक्रमों की विस्तार से जानकारी दी गई। एसडीएम सौरभ मिश्रा द्वारा विभिन्न विभागों के अधिकारियों को मोहर्रम पर्व पर व्यवस्थाएं करने के निर्देश दिए गए विशेष कर विद्युत विभाग को चल समारोह मार्गों की शीघ्र लाइन ऊंची करने के निर्देश दिए गए हैं। पूरी मीटिंग में बिजली समस्या का मुद्दा छाया रहा नगर पालिका अध्यक्ष संदीप लोधी ने इस संबंध में जमकर बिजली कंपनी पर आक्रोश व्यक्त करते हुए जल सप्लाई प्रभावित होने और बिजली कर्मचारियों द्वारा लाइन चिपकी होने के बावजूद ट्रांसफार्मर को खराब बताने की बात बताते हुए शांति समिति में प्रस्ताव रखा ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए बिजली कंपनी के वरिष्ठ अधिकारियों को हिदायत दी जाए कि वे अपनी व्यवस्थाएं सुधारे जिस पर एसडीएम सौरभ मिश्रा द्वारा जिले के वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया जाकर सुधार करने के लिए कहा गया है।
एसडीएम सौरभ मिश्रा ने सभी से शांतिपूर्ण माहौल में मिलजुलकर मोहर्रम का पर्व मनाने और किसी भी प्रकार के हथियारों का प्रदर्शन नहीं करने, सांकेतिक रूप से उस्ताद खलीफा के अलावा किसी के पास हथियार नहीं होने की हिदायती के साथ ही आपत्ति जनक कव्वालियां आदि नहीं बजाने के निर्देश दिए।

Related Articles

Back to top button