मध्य प्रदेश

न्यू बस स्टैंड उमरियापान में गंदगी का अंबार, हैंडपंप और प्रसाधन के आसपास हालात बदहाल

रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । जिले की सबसे बड़ी ग्राम पंचायत उमरियापान इन दिनों गंदगी की गंभीर समस्या से जूझ रही है। नगर के कई वार्डों में जगह-जगह कचरे के ढेर लगे हुए हैं, लेकिन सरपंच सचिव इस ओर ध्यान नहीं दे रहे।
नगर के न्यू बस स्टैंड परिसर में हालात और भी खराब बने हुए हैं। यहां स्थित हैंडपंप और सार्वजनिक प्रसाधन के आसपास गंदगी का अंबार लगा हुआ है, जिससे यात्रियों—खासतौर पर महिलाओं और पुरुषों—को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार प्रसाधन के आसपास फैली गंदगी और बदबू के कारण वहां खड़ा होना भी मुश्किल हो गया है। वहीं हैंडपंप के पास जलभराव और कचरे के चलते साफ पानी लेना भी चुनौती बन गया है।
वार्ड क्रमांक 19 के पंच जगमोहन चौरसिया ने बताया कि उमरियापान को शासन से पर्याप्त राशि मिलने के बावजूद साफ-सफाई की स्थिति बेहद खराब है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरपंच और सचिव इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठा रहे हैं, जिससे हालात दिन-ब-दिन बिगड़ते जा रहे हैं ।
उन्होंने यह भी बताया कि केवल बस स्टैंड ही नहीं, बल्कि नगर के लगभग बीस वार्डों की नालियां गंदगी से भरी पड़ी हैं । मुख्य सड़क (मैन रोड) की नालियों की भी लंबे समय से सफाई नहीं कराई गई है, जिसके कारण जगह-जगह जलभराव और गंदगी बनी हुई है।
इस स्थिति से जहां आमजन को रोजाना दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है, वहीं बीमारियों का खतरा भी बढ़ता जा रहा है।
पंच जगमोहन चौरसिया ने प्रशासन से जल्द से जल्द सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि स्वच्छता अभियान के बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों की उदासीनता से अभियान की मंशा पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

Related Articles

Back to top button