पुलिस ने शैक्षणिक संस्थानों के आसपास किया औचक निरीक्षण

ब्यूरो चीफ : शब्बीर अहमद
बेगमगंज । बालिकाओं से संबंधित अपराधों पर नियंत्रण किए जाने और असमाजिकतत्वों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाकर पुलिस ने आज साफ संदेश दे दिया कि अब किसी भी प्रकार की गुंडागर्दी नहीं चलेगी।
पुलिस अधीक्षक आशुतोष गुप्ता के निर्देशानुसार, अतिरिक्त पुलिस कमलेश खरपूसे एवं एसडीओपी आलोक श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी राजीव उइके ने पुलिसबल के साथ नगर की शैक्षणिक संस्थानों के आसपास एवं प्रांगण में औचक निरीक्षण किया। जिससे कन्या स्कूलों के आसपास मंडराने वाले असामाजिक तत्वों में खलबली मच गई और पुलिस की सघन चेकिंग अभियान की भनक लगते ही गायब हो गए।
टीआई राजीव उइके ने पीएमश्री शा. कन्या हॉयर सेंकडरी स्कूल के सामने पहुंचकर स्कूल के सामने एवं आसपास लगी दुकानों को सख्ती से हटावाकर दुकानदारों को चेतावनी दी कि आगे फिर से अतिक्रमण ना करें अन्यथा सख्त कार्रवाई की जाएगी। उक्त दुकानों पर असामाजिकतत्वों का जमावड़ा ना लगे और छात्राओं को स्कूल आनेजाने में कोई दिक्कत ना हो इसलिए हटना आवश्यक है।
उपरोक्त अतिक्रमण के खिलाफ स्कूल प्रबंधन भी कई बार प्रशासनिक अधिकारियों सहित पुलिस को आवेदन दे चुका है।
गर्ल्स स्कूल पहुंचकर टीआई उइके ने शिक्षक- शिक्षिकाओं को मार्गदर्शन देते हुए अपनी अपनी कक्षाओं में छात्राओं को असामाजिक तत्वों से बचकर रहने, किसी के झांसे में नहीं आने और अपने परिवार की इज्ज़त रखते हुए सीधे चुपचाप स्कूल आने पढ़ाई पर ही ध्यान देने ओर घर जाने के साथ शोशल मीडिया से दूर रहने के लिए गाइड करें ताकि वो किसी भी प्रकार के गलत रास्ते पर ना जाएं ।
इस बीच शिक्षिकाओं ने चौकाने वाली शिकायत करते हुए बताया कि स्कूल की दूसरी मंजिल पर खिड़की में बैठी कक्षा 10 वी की छात्राओं को सिविल अस्पताल प्रांगण में खड़े होकर एक वृद्ध छेड़छाड़ करता है। वहां से उन्हें अश्लील इशारे करता है।
इस पर टीआई उइके ने कक्षा में जाकर पीड़ित छात्राओं के बयान लिए ओर उक्त व्यक्ति की तलाश में पुलिसकर्मियों को तैनात किया है। ताकि उसे अपने किए की सजा मिल सके।
थानाप्रभारी राजीव उइके ने बताया कि सघन चेकिंग अभियान जारी रहेगा और मजनूओं की धरपकड़ के लिए मुखबिर तंत्र के साथ सादा कपड़ों में पुलिसकर्मियों को भी लगाया जा रहा है। सभी शिक्षक – शिक्षिकाओं सहित छात्राओं को मोबाइल नम्बर नोट करा दिए गए हैं। ताकि विकट परिस्थितियों में तत्काल पुलिस को सूचित करें।



