मध्य प्रदेशराजनीति

प्रत्येक बूथ पर 221 नए सदस्य जोड़ने का महत्वाकांक्षी लक्ष्य : राकेश शर्मा

संगठन पर्व सदस्यता महा अभियान को लेकर रायसेन में प्रेस वार्ता संपन्न
रायसेन। भारतीय जनता पार्टी के संगठन पर्व और सदस्यता अभियान को लेकर शुक्रवार को रायसेन जिला कार्यालय में एक महत्वपूर्ण प्रेस वार्ता आयोजित की गई। इस प्रेस वार्ता में भाजपा जिला अध्यक्ष राकेश शर्मा ने मुख्य वक्ता के रूप में अपने विचार साझा किए। उनके साथ जिला उपाध्यक्ष राकेश तोमर, जिला मीडिया प्रभारी हरि साहू, मीडिया विभाग के वरिष्ठ सदस्य सीएल गौर, कार्यालय मंत्री जीतू ठाकुर, आईटी सेल संयोजक ब्रिज विश्वकर्मा, और प्रभांशु सिंह भदोरिया सहित कई प्रमुख पत्रकार बंधु मौजूद रहे।
राकेश शर्मा ने इस विशेष अवसर पर भाजपा के आगामी सदस्यता अभियान की जानकारी देते हुए बताया कि यह अभियान 2 सितंबर से पूरे देश में जोर-शोर से शुरू किया जाएगा। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि यह अभियान केवल नए सदस्य जोड़ने का नहीं, बल्कि भाजपा के संगठनात्मक ढांचे को और अधिक सशक्त और व्यापक बनाने का एक महत्त्वपूर्ण प्रयास है। रायसेन जिले में इस बार 2,70,946 नए सदस्य बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिससे भाजपा की जड़ें और भी गहरी हो सकें।
राकेश शर्मा ने बताया कि भाजपा इस बार प्रत्येक बूथ पर 221 नए सदस्य जोड़ने का महत्वाकांक्षी लक्ष्य लेकर चल रही है। यह लक्ष्य भाजपा के संगठनात्मक विस्तार की दिशा में एक महत्त्वपूर्ण कदम है। इस अभियान का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के नेतृत्व में भाजपा के केंद्रीय कार्यालय, दिल्ली से किया जाएगा, जिसके बाद प्रदेश में मुख्यमंत्री मोहन यादव और प्रदेश अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा भोपाल में इस अभियान की शुरुआत करेंगे।
उन्होंने यह भी बताया कि भाजपा इस अभियान को ‘संगठन पर्व’ के रूप में मना रही है, जिसमें पार्टी के हर सदस्य को पुनः सदस्यता ग्रहण करनी होगी। इस बार सदस्यता अभियान को अभूतपूर्व सफलता दिलाने के लिए जिले के 22 मंडलों में वरिष्ठ पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और अनुभवी नेताओं को विशेष सहयोगी प्रभारियों के रूप में नियुक्त किया गया है। इनमें प्रभारी मंत्री, पूर्व कैबिनेट मंत्री, विधायक, संगठन प्रभारी, और जिला महामंत्री जैसे दिग्गज शामिल हैं, जो इस अभियान को नई ऊंचाइयों पर ले जाएंगे।
सदस्यता अभियान के तहत, लोगों को भाजपा का सदस्य बनने के लिए एक टोल फ्री नंबर (8800002024) जारी किया गया है, जिस पर मिस्ड कॉल देकर वे भाजपा के सदस्य बन सकते हैं। यह अभियान दो चरणों में चलाया जाएगा—पहला चरण 2 सितंबर से 25 सितंबर तक और दूसरा चरण 1 अक्टूबर से 15 अक्टूबर तक चलेगा। इसके बाद, 16 अक्टूबर से सक्रिय सदस्यता की प्रक्रिया शुरू होगी, जिसमें नेताओं को सक्रिय सदस्यता के लिए 100 रुपये का शुल्क देना होगा और आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी करनी होगी।
राकेश शर्मा ने आश्वस्त किया कि भाजपा का यह सदस्यता अभियान संगठन को और भी मजबूत बनाएगा और इसे नई ऊर्जा और दिशा प्रदान करेगा।

Related Articles

Back to top button