अस्थायी लाइसेंस की आड़ में किराना दुकानों में सालभर पटाखों की बिक्री

प्रशासन की चुप्पी पर उठे सवाल
रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । उमरियापान नगर में अस्थायी लाइसेंस की आड़ में वर्षभर पटाखों (आतिशबाज़ी सामग्री) किराना दुकानों में खुलेआम बिक्री किए जाने का मामला प्रकाश में आया है । जानकारी के अनुसार 15 दिनों के लिए अस्थायी लाइसेंस जारी किया गया था, लेकिन किराना दुकान पर पूरे 365 दिन आतिशबाज़ी सामग्री का भंडारण और विक्रय किया जा रहा है।
नियमों की अनदेखी, सुरक्षा पर खतरा
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि नियमों के तहत अस्थायी लाइसेंस केवल दीपावली त्योहार के दौरान सीमित अवधि के लिए प्रदान किया जाता है। इसके बावजूद किराना दुकान में वर्षभर पटाखों की बिक्री हो रही है, जो स्पष्ट रूप से नियमों की अवहेलना होती है।
नगरवासियों ने बताया कि किराना दुकान आवासीय क्षेत्र में स्थित है, जहां ज्वलनशील सामग्री का निरंतर भंडारण किसी भी समय आगजनी जैसी गंभीर घटना को आमंत्रित कर सकता है। लोगों का कहना है कि यदि लाइसेंस केवल 15 दिनों के लिए है, तो बिक्री भी उसी अवधि तक सीमित रहनी चाहिए।
स्थानीय लोगों ने बताया कि जिम्मेदारों को सब मालूम है कि किराना दुकानों में खुलेआम पटाखा का विक्रय किया जाता है बावजूद जिम्मेदार विभाग मौन साधे हुए हैं ।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते जांच और कार्रवाई नहीं की गई, तो भविष्य में किसी बड़ी दुर्घटना से इनकार नहीं किया जा सकता। लोगों ने यह भी मांग की कि लाइसेंस की शर्तों और भंडारण मानकों की नियमित जांच की जाए, ताकि आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
नगरवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि सार्वजनिक सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए ऐसे मामलों की निष्पक्ष जांच कराई जाए । यदि अनियमितता पाई जाती है, तो संबंधित दुकान संचालक के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाए।



