दो कारों की टक्कर में रिटायर्ड SDOP की मौत: बेटा समेत 3 घायल
एक भोपाल रेफर; सिलवानी-सागर रोड पर हुआ हादसा
सिलवानी। गुरुवार को सिलवानी-सागर राजमार्ग 15 पर दो कारों की भीषण टक्कर में रिटायर्ड एसडीओपी की मौत हो गई। जबकि उनका बेटा सहित तीन लोग घायल हो गए। घटना दोपहर करीब 3 से 3:30 बजे के बीच की है। स्टेट हाईवे-15 पर ग्राम सिंहपुरी के पास हादसा हुआ।
हादसे में रिटायर्ड एसडीओपी अभिमन्यु मिश्रा उम्र 66 वर्ष की मौके पर मौत हो गई। वे अपने बेटे राहुल मिश्रा उम्र 35 वर्ष के साथ कार में सवार थे और सागर जिले के ढाना गांव से सिलवानी की ओर आ रहे थे। वहीं, दूसरी कार में जितेंद्र उम्र 27 वर्ष और मनोज उम्र 35 वर्ष सवार थे। वे भोपाल से टैक्सी में सागर जिले के बंडा की ओर जा रहे थे। तेज रफ्तार के कारण सिंहपुरी गांव के पास दोनों गाड़ियों में जबरदस्त भिड़ंत हो गई।
टक्कर में राहुल मिश्रा गंभीर रूप से घायल हुए, जिन्हें सिलवानी अस्पताल से भोपाल रेफर किया गया। दूसरी कार में सवार दोनों युवक भी घायल हैं। जिनका इलाज सिलवानी अस्पताल में चल रहा है।
पांच साल पहले हुए थे रिटायर्ड –
घटना की जानकारी मिलते ही सिलवानी एसडीओपी अनिल मौर्य और थाना प्रभारी पूनम सविता सिविल अस्पताल पहुंचे और घायलों का हाल जाना। एसडीओपी अनिल मौर्य ने बताया कि अभिमन्यु मिश्रा 2020 में पन्ना जिले के गन्नौर से रिटायर्ड हुए। स्थानीय लोगों ने इस रास्ता पर गति नियंत्रण और सड़क सुरक्षा उपायों की मांग की है, क्योंकि यहां पहले भी कई हादसे हो चुके हैं।



