मध्य प्रदेश

उमरियापान–सिहोरा मार्ग पर शुरू हुआ सड़क मरम्मत कार्य

मृगांचल एक्सप्रेस खबर का असर
रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । उमरियापान से सिहोरा को जोड़ने वाले मुख्य मार्ग की जर्जर हालत को लेकर लगातार मृगांचल एक्सप्रेस में प्रमुखता से प्रकाशित खबर का असर अब साफ तौर पर दिखाई देने लगा है । समाचार प्रकाशित होने के बाद लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सड़क की मरम्मत का कार्य शुरू करा दिया है। गुरुवार से विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर सड़क पर बने गड्ढों को भरने और क्षतिग्रस्त हिस्सों पर पैच वर्क करने का काम कर रही है।
ज्ञात हो कि उमरियापान से सिहोरा मार्ग पर पकरिया से लगभग तीन किलोमीटर तक सड़क पूरी तरह गड्ढों में तब्दील हो चुकी थी । सड़क की स्थिति इतनी खराब हो गई थी कि वाहन चालकों को आए दिन दुर्घटना का खतरा बना रहता था । दोपहिया वाहन चालकों और ग्रामीणों को विशेष रूप से आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था ।
जनपद अध्यक्ष सुनीता संतोष दुबे ने कई बार इस समस्या की शिकायत संबंधित विभाग से की गई । इसके बाद मृगांचल एक्सप्रेस ने इस गंभीर समस्या को प्रमुखता से “उमरियापान सिहोरा मार्ग पर गड्ढों का साम्राज्य, कई बार खबर के बाद भी नहीं जागे जिम्मेदार” शीर्षक के साथ प्रकाशित किया था । खबर प्रकाशित होते ही विभाग हरकत में आया और सड़क सुधार के लिए आवश्यक कदम उठाए गए।
गुरुवार से विभाग द्वारा सड़क के खराब हिस्सों की मरम्मत कार्य और गड्ढों को भरने के साथ-साथ क्षतिग्रस्त स्थानों पर पैच वर्क किया जा रहा है । विभाग के इस कदम से क्षेत्र के लोगों ने राहत की सांस ली ।
सड़क मरम्मत कार्य शुरू होने पर स्थानीय ग्रामीणों और वाहन चालकों ने खुशी जाहिर की है । ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से इस समस्या के कारण उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था, लेकिन अब मरम्मत कार्य शुरू होने से उन्हें राहत मिलेगी । ग्रामीणों ने समस्या को प्रमुखता से उठाने और प्रशासन का ध्यान आकर्षित कराने के लिए मृगांचल एक्सप्रेस और उसके प्रतिनिधि सतीश चौरसिया का आभार व्यक्त किया।

Related Articles

Back to top button