बांस की बड़ी डलिया 200 रुपए से दाम बढ़कर 300 रुपए हो गए, बांस के दाम बढ़े

शादी-विवाह में उपयोग हो रहे बांस के बर्तन डेढ़ गुना महंगे
सिलवानी। शादी समारोह के दौरान क्षेत्र के हर घर में बांस के बने बर्तनों एवं सामग्री का बड़े पैमाने पर उपयोग किया जाता है। शादी-विवाह समारोह के धार्मिक कार्यक्रमों में बांस के बर्तनों को शुद्ध माना जाता है। इसलिए इनका उपयोग अधिक होता है। बांस के दामों में इजाफा होने से कारीगरों का कहना है कि मजबूरन उन्हें बांस से बनने वाले बर्तनों के दाम बढ़ाना पड़ते हैं। अगर दाम न बढ़ाएं तो काम करना और परिवार को पालना मुश्किल हो जाएगा। ऐसे में इस बार पिछले साल की तुलना में बांस के बर्तनों के दामों में डेढ़ गुना तक इजाफा देखने को मिल रहा है।
बांस की बड़ी डलिया जो पिछले साल 200 रुपए में बिक रही थी, इस साल उसके दाम बढ़कर 300 रुपए हो गए हैं। छोटी डलिया 70 से 80 रुपए में मिल जाती थी, जो इस बार 100 से 125 रुपए में बिक रही है। वहीं हर घर में उपयोग होने वाला सूपा 125 रुपए में बाजार में बिकता था, जो इस बार 200 रुपए में बिक रहा है। शादी-विवाह में मुख्य रूप से उपयोग होने वाला बिजना (पंखा) 50 रुपए में बिक रहा है, यह पिछले साल 30 रुपए में मिलता था। वहीं शादी में उपयोग होने वाली प्रमुख सामग्री छोटी चुलिया 130 रुपए में बिक रहा है, जबकि बड़ी चुलिया 300 से 400 रुपए में बिक रही है। जबकि इनके पिछले साल दाम काफी कम थे।



