लावारिस गोवंश का सहारा बने सरपंच

ब्यूरो चीफ: शब्बीर अहमद
बेगमगंज । एक ओर सड़कों पर हजारों गोवंश लावारिस स्थिति में बीमार ओर भूखे-प्यासे मारे- मारे फिर रहे हैं, तो दूसरी ओर उन्हें आसरा देने के उद्देश्य से मरखेड़ा टप्पा के सरपंच मुनिराज भार्गव के द्वारा ग्रामवासियों के सहयोग से गोवंश का एक आश्रय स्थल बनाकर उन्हें संरक्षण देने का दृढ़ संकल्प लिया गया है।
उन्हें आश्रय देने के लिए गांव में टीन शेड का एक व्यवस्थित गोवंश बसेरा का निर्माण कराया गया है। जिसमें गांव सहित आसपास के गोवंश को संरक्षण के साथ दाना पानी देकर उनकी सुरक्षा की जाएगी।
सरपंच मुनिराज भार्गव ने बताया कि समाजसेवी मनोज व्यास, गोपाल जाट, मनोज साहू, भगवानसिंह कुशवाह, रेखा कात्यावर, राजेश कुशवाहा एवं समस्त ग्रामवासियों के सहयोग से यह पुनीत कार्य करना संभव हो सका है। हमारा प्रयास है कि लावारिस गोवंश को संरक्षण के साथ उनका पालन पोषण भी ढंग से हो जाए। इसको लेकर सभी प्रकार की तैयारी कर ली गई है।
आश्रय स्थल में उन्हें स्थान मिलने से सड़कों पर लावारिस स्थिति में घूम रहे पशुओं के कारण आए दिन होने वाली दुर्घटनाओं पर भी नियंत्रण होगा। वही इनकी अच्छे से देखभाल भी हो जाएगी।



