SBI में 5 लाख जमा कराने बाइक से जा रहे BOB कर्मचारियों से सरेआम लूट का प्रयास, गोली भी चलाई
गंजबासोदा के स्टेशन रोड का मामला, रुपयों से भरा बैग कर्मचारी ने नहीं छोड़ा, सीसीटीवी कैमरे में घटना कैद
रिपोर्टर : बलवीर सिंह रघुवंशी
विदिशा । केश जमा करने जा रहे बैंक कर्मचारियों से बंदूक के दम पर तीन बदमाशों ने दिनदहाड़े लूट की वारदात को अंजाम देने देसी कट्टे से फायर किए, लेकिन बैंक कर्मचारियों ने अपने हौसले से लूट की वारदात को नाकाम कर दिया। घटना मंगलवार दोपहर 3.15 बजे की है। इस दौरान बँक ऑफ बड़ौदा (BOB) के कर्मचारी बाइक से 200 मीटर दूर भारतीय स्टेट बैंक (SBI) में 5 लाख नोटों से भरा बैग जमा करने जा रहे थे। तभी दो बदमाशों ने बैंक कर्मचारी से बैग छीनने का प्रयास किया।
जब उसने बैग नहीं छोड़ा तो बदमाशों ने देसी कट्टे से फायर किया। इसमें बैंक त कर्मचारी बाल-बाल बचा। इसी बीच मौका पाकर दोनों बदमाश अपने तीसरे साथी के साथ बाइक पर सवार होकर भाग निकले। एसबीआई के एटीएम पर तैनात गार्ड राजेश अहिरवार ने बताया फायर की आवाज सुनते ही जब उन्होंने देखा तब बाइक पर तीन लोग भागते दिखाई दिए। उसके बाद पता चला कि वे बदमाश केश लूटने की कोशिश कर रहे हैं। एसडीओपी ने बताया कि फुटेज के आधार पर पुलिस बदमाशों की लोकेशन पता करने की कोशिश कर रही है।
पहले से रैकी कर रहे थे बदमाश
BOB के कर्मचारी के साथ जिस तरह बदमाशों ने लूट की घटना को अंजाम देने की कोशिश की उससे लग रहा है कि बदमाश लंबे समय से उनकी रैकी कर रहे थे। ऐसी आशंका जताई जा रही है कि जब बीओबी से बैंक कर्मचारी एसबीआई के लिए रवाना हुए तभी उनके पीछे ये बदमाश लग गए थे। पीछा करते हुए एसबीआई के पास पहुंचने के दौरान ही बदमाशों ने बैंक कर्मचारी की बाइक के सामने अपनी बाइक अड़ाकर लूट की वारदात को अंजाम देने का प्रयास किया।
फायरिंग में बाल-बाल बचा बैंक कर्मचारी : बीओबी के जॉइंट मैनेजर सुनील कुमार हर दिन की तरह अरविंद रघुवंशी के साथ एसबीआई में कैश जमा करने के लिए सुभाष चौक से बाइक पर रवाना हुए थे, जैसे ही वह स्टेट बैंक पहुंचे तभी गेट के आगे दो बदमाशों ने उनकी बाइक के आगे अपनी बाइक लगा दी और बाइक के पीछे बैठे अरविंद से कंधे पर टंगा बैग छीनने की कोशिश की। इस दौरान हिम्मत दिखाते हुए अरविंद ने रुपयों से भरा बैग नहीं छोड़ा और भाग कर बैंक में घुसने की कोशिश की। तभी एक बदमाश ने उन पर फायर कर दिया लेकिन निशाना चूक गया।



