तीन दिन से सर्वर ठप, 35,562 उपभोक्ता परेशान, राशन वितरण बाधित, गरीब परिवारों पर बढ़ी चिंता

सिलवानी। तहसील क्षेत्र में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) का सर्वर पिछले तीन दिनों से ठप पड़ा है, जिससे कंट्रोल दुकानों पर राशन वितरण पूरी तरह बाधित हो गया है। सर्वर डाउन होने के कारण करीब 35,562 उपभोक्ता प्रभावित हैं और उन्हें बिना राशन लिए ही लौटना पड़ रहा है।
जानकारी के अनुसार रविवार से सर्वर में तकनीकी खराबी बनी हुई है, जो बुधवार तक भी दूर नहीं हो सकी। तहसील की सभी उचित मूल्य दुकानों पर बायोमैट्रिक मशीन के माध्यम से ही राशन वितरण किया जाता है। सर्वर काम नहीं करने से अंगूठा सत्यापन और ऑनलाइन एंट्री की प्रक्रिया रुक गई है, जिससे वितरण व्यवस्था पूरी तरह ठप हो गई है।
राशन दुकानों पर सुबह से ही लंबी कतारें लग रही हैं, लेकिन तकनीकी समस्या के चलते लाभार्थियों को खाली हाथ लौटना पड़ रहा है। इस समस्या से सबसे अधिक प्रभावित गरीब और मजदूर वर्ग के लोग हैं, जो रोज कमाने-खाने पर निर्भर हैं। कई हितग्राहियों का कहना है कि वे रोज काम छोड़कर राशन लेने आ रहे हैं, लेकिन तीन दिनों से चक्कर लगाने के बावजूद उन्हें अनाज नहीं मिल पा रहा है।



