जनता का विधायक नहीं सेवक बनकर आया था, इसलिए जनसेवा का संकल्प निभा पा रहा हूँ – नरेन्द्र शिवाजी पटेल

राज्यमंत्री नरेन्द्र शिवाजी पटेल के कार्यकाल का एक वर्ष पूर्ण, कार्यकर्ताओं ने छींद धाम पर उत्सव मनाकर शुभकामनाएँ दीं
रिपोर्टर : प्रशांत जोशी
उदयपुरा। मध्यप्रदेश की मोहन सरकार का एक वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में प्रदेशव्यापी जनकल्याण पर्व का आयोजन किया जा रहा है। मुख्यमंत्री के साथ मंत्रियों के कार्यकाल का भी 25 दिसम्बर को एक साल पूरा हुआ। इसी तारतम्य में उदयपुरा विधानसभा के विधायक और प्रदेश सरकार में राज्यमंत्री नरेन्द्र शिवाजी पटेल के एक वर्ष का कार्यकाल पूरा होने के उपलक्ष्य में गुरुवार को छींद धाम पर भाजपा कार्यकर्ता सहभोज एवं कवि सम्मेलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। आयोजन में गुरु गोबिन्द सिंह जी के पुत्र साहिबजादा फतेह सिंह और जोरावर सिंह के बलिदान एवं भारतरत्न अटल जी के व्यक्तित्व और कृतित्व का भी स्मरण किया गया। आयोजन में राज्यमंत्री सहित क्षेत्र के हजारों कार्यकर्ता उपस्थित रहे जिनके साथ नरेन्द्र शिवाजी पटेल ने संवाद उपरांत भोजन भी किया। आयोजन में विभिन्न विधाओं के देशभर में लोकप्रिय कवियों ने अपनी रचनाओं का पाठ किया।
गौरतलब है कि नरेन्द्र शिवाजी पटेल को 25 सितंबर 2023 को पं. दीनदयाल उपाध्याय जी की जयंती पर उदयपुरा विधानसभा से भाजपा का प्रत्याशी बनाया गया था। विधानसभा चुनाव में जीत के उपरांत 25 दिसंबर 2023 को उन्होंने प्रदेश सरकार में राज्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण की थी। इन दोनों दिनों को राज्यमंत्री अपने राजनीतिक जीवन का सुखद संयोग और सौभाग्य मानते हैं।
छींद वालों की कृपा से ही सेवा का अवसर पाया है – राज्यमंत्री
कार्यक्रम में पहुँचे राज्यमंत्री नरेन्द्र शिवाजी पटेल ने सर्वप्रथम छींद धाम पहुँचकर छींद वाले दादा श्री हनुमान जी महाराज का आशीर्वाद ग्रहण किया। तदुपरांत उन्होंने कार्यक्रम में सम्मिलित भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से भेंट की। राज्यमंत्री ने कहा कि छींद वालों की कृपा से ही सेवा का अवसर पाया है, उनके आशीर्वाद से ही यह दायित्व निभाने की शक्ति मिलती है।
साहिबजादों के बलिदान को नमन और अटल जी को किया याद
एक वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित यह कार्यक्रम वीर बाल दिवस और अटल बिहारी वाजपेयी जी की 100वीं जन्मजयंती को समर्पित रहा। कार्यक्रम के दौरान राज्यमंत्री नरेन्द्र शिवाजी पटेल ने साहिबजादों और अटल जी को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि दोनों अपने क्षेत्र की महान विभूति हैं। एक नए जीवनपर्यंत देशसेवा की तथा दूसरे भाइयों ने धर्मरक्षा के लिए दीवार में स्वयं को चुनवाकर धर्माचरण का आदर्श प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यमंत्री नरेन्द्र शिवाजी पटेल ने कहा कि उदयपुरा विधानसभा मेरा परिवार है, और मैं स्वयं को सौभाग्यशाली मानता हूँ कि यहां के लोग मुझे अपना बेटा और भाई मानते हैं। मैं भी अपने क्षेत्र में कभी विधायक की हैसियत से नहीं आता, बल्कि मैं इनका सेवक बनकर आता हूँ। इसलिए जनता दोनों हाथ खोलकर मुझे आशीर्वाद भी देती है। इसी आशीर्वाद का परिणाम है कि पिछले एक वर्ष में क्षेत्र के उत्कर्ष की यात्रा निरंतर अग्रसर रही। सड़क, नाली, पार्क, सौंदर्यीकरण, पेयजल, सामुदायिक भवन, स्वास्थ्य केन्द्र, उप-स्वास्थ्य केन्द्र सहित क्षेत्र को ऐसी अनेकों सौगातें मिलीं जिनसे आम जनमानस का जीवन आसान हुआ है। एक और हमनें गांव को समृद्ध बनाने का प्रयास किया तो अपने शहरी इलाकों को भी पीछे नहीं छोड़ा। यदि क्षेत्र के मुख्य मार्गों का सुदृढीकरण किया जा रहा है तो अंदर गली-मोहल्लों में भी पगडंडियों के निर्माण का कार्य जारी है। उन्होंने आगे कहा कि हमारा विकास का मॉडल जन-सुविधा पर आधारित है। इसलिए हम अधोसंरचना विकास के साथ नागरिक उन्नति के भी अनेकों प्रयास कर रहे हैं। “आपका सेवक आपके द्वार – आपकी सेवा में नमो सरकार” अभियान के माध्यम से मैं स्वयं गांव के अंदर 24 घंटे प्रवास करता हूँ। लोगों से मिलता हूँ उनकी समस्याएं सुनता हूँ, वहीं यथासंभव निराकरण के प्रयास करता हूँ। साथ ही गांव के लोगों के घर पर भोजन और वहीं रात्री विश्राम भी करता हूँ। इस अभियान में हम विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ जनता को उनके द्वार पर जाकर देते हैं। हमारी यह योजना अत्यंत लाभकारी सिद्ध हुई है, जिसने नागरिकों के जीवन को और अधिक सुविधाजनक बनाने का काम किया है। इसके साथ ही इस एक वर्ष में हमनें युवाओं के लिए इंटर्नशिप योजना लाकर उन्हें नेतृत्व का अवसर प्रदान किया है।
उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी और मुख्यमंत्री डॉक्टर मोहन यादव जी के नेतृत्व में मध्यप्रदेश की डबल इंजन सरकार ने अभूतपूर्व विकास कार्य किए हैं। इबल इंजन सरकार में प्रदेश की दोगुनी गति से तरक्की हो रही है। सरकार की योजनाओं का उदयपुरा विधानसभा की जनता को भी सीधे तौर पर लाभ हो रहा है। मेरे प्रेरणा स्त्रोत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी और मेरे मार्गदर्शक मुख्यमंत्री डॉक्टर मोहन यादव जी के मार्गदर्शन में उदयपुरा की विकास यात्रा को अभी और आगे लेकर जाना हैं। हम क्षेत्र और क्षेत्रवासियों की समृद्धि में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे।



