सड़क हादसा, ब्रेक फेल होने से घाटी से नीचे उतरी बस, 4 लोग घायल, ड्राईवर की हालत नाजुक
रिपोर्टर : तारकेश्वर शर्मा
शहडोल। शुक्रवार की सुबह सीधी से शहडोल आ रही कैपिटल कंपनी की बस ब्रेक फेल होने की वजह से हनुमान घाटी के नीचे उतर गई। हादसे में बस में सवार चार यात्री घायल हुए हैं। वहीं, बस चालक की हालत नाजुक बनी हुई है। घटना शुक्रवार की सुबह करीब 10 बजे की बताई जा रही है।
सहायक उपनिरीक्षक अजय सिंह ने जानकारी देते हुए बताया है कि सीधी से शहडोल की ओर आ रही कैपिटल कंपनी की बस क्रमांक एमपी 18 पी 0270 ब्यौहारी थाना क्षेत्र के हनुमान घाटी से नीचे उतर गई। मामले की जानकारी स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी, पुलिस मौके पर पहुंची स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को सिविल अस्पताल ब्यौहारी में भर्ती कराया है, जहां घायलों का उपचार चल रहा है। पुलिस ने यह भी बताया कि बस सीधी जिले से शहडोल आ रही थी, तभी हनुमान घाटी के पास बस का ब्रेक फेल होने की वजह से नीचे उतर गई, बस में सवार यात्री घायल हुए हैं। हालांकि गनीमत रही कि हादसे में चालक के अलावा तीन अन्य को सिर्फ चोटें आई हैं कोई जनहानि नहीं हुई है। फिलहाल चालक की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसे शहडोल मेडिकल कॉलेज के सिविल अस्पताल के डॉक्टरों ने रेफर कर दिया है। जानकारी के अनुसार बस में लगभग 35 लोग सवार थे। घटना के बाद अन्य लोग बस से उतर कर दूसरे वाहनों से अपने गंतव्य के लिए रवाना हो गए हैं। चार लोगों को चोटें पहुंची थी, जिन्हें सिविल अस्पताल में भर्ती करा दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।



