धूमधाम से मनाया गया श्रीकृष्ण जन्मोत्सव, जगह जगह हुआ मटकी फोड़ प्रतियोगिता का आयोजन

रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान | उमरियापान सहित ग्रामीण क्षेत्रों में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के उपलक्ष्य में उत्कृष्ट विधालय, शासकीय कन्या शाला, ग्राम पंचायत उमरियापान, ग्रेस मिशन इंग्लिश मीडियम हाईस्कूल उमरियापान में सोमवार को परंपरागत तरीके से धूमधाम मनाया गया।
कार्यक्रम में स्कूल के बच्चों ने रंग बिरंगे परिधान पहन कर भगवान श्रीकृष्ण, राधा, बलराम, ग्वाल बाल इत्यादि का वेश धारण किया और सज संवर कर मंच पर कई झाकियां और गीत प्रस्तुत किए । सुबह से ही नगर के मंदिरों में भगवान श्रीकृष्ण का श्रृंगार किया गया। इस मौके पर श्रीकृष्ण मंदिरों में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। श्री कृष्ण जन्माष्ठमी पर उमरियापान में जगह जगह मटकी फोड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। वहीं कटरा बाजार में बच्चों और युवाओं ने आंखों पर पट्टी बांधकर लाठी और डंडे के सहारे दूध दही से भरी मटकी फोड़ी। मटकी फोड़ने वाले को कान्हा बनाकर रंग गुलाल और फूलों से सजाया गया। नंद के आंनद भयो, जय कन्हैया लाल की जयकारें से पूरा नगर कृष्णमय हो गया। राधा कृष्ण मंदिर न्यू बस स्टैंड उमरियापान में रात 12 बजे श्रीकृष्ण जन्मोत्सव में नंद के आंनद भयो जय कन्हैया लाल की गूँज से पूरा मंदिर परिसर श्री कृष्ण मय हो गया। भगवान श्रीकृष्ण की पूजा अर्चना कर प्रसाद वितरण किया गया।
कार्यक्रम में सरपंच अटल ब्यौहार, उत्कृष्ट विधालय के प्राचार्य मुकेश पटेल, शासकीय कन्या शाला के प्रभारी प्राचार्य दिलीप बाजपेयी, ग्रेस मिशन इंग्लिश मीडियम हाईस्कूल की प्राचार्य अंजली जैकप, सचिव सतीश गौतम, रोजगार सहायक सचिव अतुल चौरसिया सहित विद्यालय के छात्र छात्राओं एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।



