क्राइम

साउंड सिस्टम चोरी का पर्दाफाश: 3.50 लाख का मशरूका बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार

रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । कटनी पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा द्वारा अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत ढीमरखेड़ा पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है । पुलिस ने ग्राम पोडीकला स्थित सूरदास आश्रम से चोरी हुए लगभग 3.50 लाख रुपये कीमत के साउंड सिस्टम उपकरण बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
क्या था मामला?
प्रार्थी अनिल पटेल (निवासी ढीमरखेड़ा) ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 13 फरवरी 2026 की रात अज्ञात चोरों ने पोडीकला स्थित सूरदास आश्रम में लगे उनके टेंट से महंगे साउंड सिस्टम की मशीनें चोरी कर लीं । चोरी गए सामान की कुल कीमत लगभग 3,50,000 रुपये बताई गई थी । रिपोर्ट दर्ज होते ही पुलिस ने मामला कायम कर विवेचना प्रारंभ कर दी ।
पुलिस की सक्रियता से मिली सफलता
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संतोष डेहरिया एवं एसडीओपी आकांक्षा चतुर्वेदी के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी अभिषेक चौबे के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई । सघन तलाशी अभियान के बाद 20 फरवरी 2026 को पुलिस ने दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया ।
ढीमरखेड़ा थाना प्रभारी अभिषेक चौबे ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में—
मनीष कुर्मी 25 वर्ष, निवासी ग्राम महनेर जिसे महनेर पहाड़ी स्थित एक खंडहर मकान से पकड़ा गया। उसके कब्जे से रियलमी मोबाइल, माइक स्टैंड और अहूजा कंपनी का एम्पलीफायर बरामद हुआ ।
परदेशी कोल (22 वर्ष), निवासी ग्राम उमरियापन जिसे कुदवारी मोहल्ले से गिरफ्तार किया गया।
बरामद सामग्री
थाना प्रभारी अभिषेक चौबे ने बताया कि आरोपियों के कब्जे से चोरी का पूरा माल जब्त कर लिया गया है । बरामद सामग्री में शामिल
बॉस कंपनी की हेडऑप्टर मशीन
DD-3 डिजिटल मशीन
स्टूडियो मास्टर मिक्सर मशीन एवं मिक्स मशीन 182
ऑडियो मेकर और मास प्लेट मशीन
दो नग केबल एवं अन्य उपकरण
कुल जब्त मशरूका की अनुमानित कीमत लगभग 3.50 लाख रुपये आंकी गई है।
अन्य वारदातों का भी खुलासा
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने थाना उमरियापान क्षेत्र में अन्य चोरी की घटनाओं को अंजाम देना भी स्वीकार किया है। पुलिस इन मामलों की विस्तृत जांच कर रही है।
दोनों गिरफ्तार आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश कर दिया गया है। मामले का एक अन्य आरोपी गोलू कुर्मी फिलहाल फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आमजन में विश्वास बढ़ा है।

Related Articles

Back to top button