दतला घाट पर अवैध रेत परिवहन पर पुलिस की सख्त कार्रवाई, ट्रैक्टर-ट्राली जप्त

रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । जिले में अवैध रेत परिवहन के खिलाफ पुलिस द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है । पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में की जा रही कार्रवाई के तहत चौकी सिलौड़ी थाना ढीमरखेड़ा पुलिस ने अवैध रेत परिवहन करते हुए एक ट्रैक्टर-ट्राली को जप्त किया है ।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संतोष डेहरिया, एसडीओपी स्लीमनाबाद तथा थाना प्रभारी ढीमरखेड़ा के मार्गदर्शन में 15 मार्च को चौकी सिलौड़ी पुलिस को सूचना मिली कि दतला घाट दसरमन के पास एक ट्रैक्टर-ट्राली में रेत भरकर ले जाई जा रही है ।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ट्रैक्टर चालक से पूछताछ की । चालक ने अपना नाम अरविंद सोनी पिता जगदीश प्रसाद सोनी (45 वर्ष), निवासी दसरमन बताया । पुलिस द्वारा चालक से ड्राइविंग लाइसेंस तथा ट्रैक्टर-ट्राली में भरी रेत के वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया, लेकिन वह कोई भी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका ।
दस्तावेज नहीं मिलने पर रेत का परिवहन अवैध पाए जाने पर पुलिस ने मौके पर गवाहों की उपस्थिति में ट्रैक्टर-ट्राली को रेत सहित जप्त कर लिया। जप्त वाहन को सुरक्षार्थ चौकी परिसर में खड़ा कराया गया है ।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध धारा 106 बी.एन.एस.एस. के तहत कार्रवाई की है ।
इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी अनिल कुमार पाण्डेय, प्रधान आरक्षक अतुल शर्मा तथा आरक्षक रामसेवक विश्वकर्मा की विशेष भूमिका रही।



