बिना दुकान के फर्जी तरीके से ग्राम पंचायतों में हो रही सप्लाई
सचिव ने अपने परिजन को पहुंचाया आर्थिक लाभ
ऐसा परिजन जो मजदूरी, परिवहन और मटेरियल भी सप्लाई करता है
सीईओ ने कहा- जांच दल बनाकर की जाएगी पड़ताल
सिलवानी। पंचायती राज से ग्रामीण क्षेत्रों के पिछडे़पन को दूर करने व सिस्टम में पारदर्शिता लाने पंचायत दर्पण पोर्टल अब पंचायतों में हुए भ्रष्टाचारियों को दर्पण दिखाने के काम में आ रहा है। इस पोर्टल का उद्देश्य पारदर्शिता के साथ बेहतर माॅनिटरिंग कर पंचायतों में भ्रष्टाचार का फर्जी बिलों पर अंकुश लगाना था। इसमें किसी भी स्वीकृत निर्माण कार्य के चलते प्रगति अनुसार जीपीएस के माध्यम से स्थल को प्रगति रिर्पोट अनुसार फोटो अपलोड कर भुगतान किया जाना था, लेकिन अधिकारियों की उदासीनता के चलते यह पोर्टल महज जमीनी स्तर पर कार्य कर रहे पंचायती कर्मचारियों के हाथों की कठपुतली बन गया है।
यह कैसी माॅनिटरिंग
बडा सवाल तो यह है कि पंचायत दर्पण पोर्टल पर ऑनलाइन अपलोड किए जाने वाले बिल जनपद पंचायत से लेकर जिला पंचायत तक देखे जाते है। इस पंचायत दर्पण पोर्टल एप को मोबाइल पर डाउनलोड कर प्रदेश की किसी भी पंचायत के भुगतान संबंधित जानकारियों को बिल सहित देखा जा सकता है। लेकिन देखने पर पंचायत और जनपद से लेकर जिला पंचायत तक के अधिकारियोें की आंखों में धूल झोंक कर बेहिसाब फर्जी बिलों से भुगतान निकाला गया है।
ऐसे खुली पोल
सिलवानी की जनपद पंचायत अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत खमरिया मानपुर में दिनांक 15.07.2024 को मुबारिक मटेरियल सप्लायर खैरी नामक फर्म के बिल क्रमांक 076 जिसकी राशि 24000 रूपए गिट्टी, रेत, और ईट लेने का बिल अपलोड किया गया है। जबकि ग्रामीणों ने बताया कि मुबारिक मटेरियल सप्लायर नाम की खैरी में कोई दुकान ही नहीं है। इससे साफ जाहिर होता है कि मिलीभगत के चलते इस तरह फर्जी बिल लगाकर शासन की राशि का जमकर बंदरबांट किया गया।
जहां की पंचायत में सचिव रहा, वहीं लगाए परिजन की फर्म के बिल
वर्तमान में जनपद पंचायत की ग्राम पंचायत खमरिया मानपुर में पदस्थ सचिव इदरीश मंसूरी ने अपने भाई मुबारिक खान के नाम ग्राम पंचायत खमरिया मानपुर, तुलसीपार, सेमराखास, बटेर, बम्होरी वर्धा, खमखुआ, खैरी, अमगवां, पड़रिया खुर्द में पंचायत दर्पण के माध्यम से 48 बिल लगाये गये है। बताया जाता है कि इदरीश मंसूरी जिस पंचायत में पदस्थ होता है उस पंचायत में भाई के नाम की फर्म बिल लगाकर राशि आहरण करता है।
इस संबंध में पंचायत सचिव इदरीश मंसूरी का कहना है कि मुबारिक खां ट्रेक्टर टाॅली से रेत, गिट्टी, मुरम का परिवहन करते है।
इस संबंध में जनपद पंचायत सिलवानी के मुख्य कार्यपालन अधिकारी नीलम रायकवार का कहना है कि आपके माध्यम से ग्राम पंचायत खमरिया मानपुर के सचिव के भाई की फर्म के फर्जी बिल का मामला सामने आया है, जांच हेतु टीम गठित की जाएगी है। जांच उपरांत दोषियों पर सख्त कार्यवाही की जाएगी।


