TET के विरोध में शिक्षकों ने मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन

अन्याय कारी आदेश को वापिस करने किया प्रदर्शन
रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । राज्य शिक्षक संयुक्त मोर्चा ढीमरखेड़ा के नेतृत्व में सैकड़ों की संख्या में उपस्थित शिक्षकों ने रैली निकाल कर, नारेबाजी करते हुए प्रदेश के मुख्यमंत्री जी के नाम तहसीलदार ढीमरखेड़ा को ज्ञापन सौंप कर प्रदर्शन किया।
ज्ञापन के पूर्व बीईओ कार्यालय के सामने आयोजित सभा को संबोधित करते हुए राज्य शिक्षक संयुक्त मोर्चा के संयोजक जेपी हल्दकार ने कहा कि वर्ष 1998 से अभी तक शिक्षकों की जितनी भी नियुक्तियां हुई हैं, वो सभी नियुक्तियों मध्यप्रदेश शासन द्वारा निर्धारित किए गए मानकों के तहत हुई हैं, साथ ही जब जब शैक्षणिक पाठ्यक्रमों मै बदलाव हुए तब तक शासन द्वारा अपने संस्थानों एवं संचार माध्यमों से शिक्षकों को प्रशिक्षित किया गया है।किंतु संचालक लोक शिक्षण द्वारा टीईटी का विवादित आदेश निकाल कर शिक्षकों को बेवजह मानसिक तनाव दिया गया।
कार्यक्रम के संयोजक दिलीप बाजपेई, राजीव शुक्ला, पीताम्बर शुक्ला, पंकज प्यासी, सूर्यकांत त्रिपाठी ने भी सभा को संबोधित करते हुए मध्य प्रदेश सरकार से परीक्षा संबंधी आदेश को तत्काल निरस्त कर माननीय सर्वोच्च न्यायालय में शिक्षक हित में पुनर्विचार याचिका दायर करने की मांग की।
इस दौरान तहसील ढीमरखेड़ा के सैकड़ों शिक्षक/ शिक्षिकाएं उपस्थित थे।



