क्राइम

चार लोगों पर जानलेवा हमला करने वाला 8 माह से फरार इनामी आरोपी गिरफ्तार

तलवार और बाइक जब्त

ब्यूरो चीफ: शब्बीर अहमद

बेगमगंज । सुल्तानगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पिपलिया खुर्द में आठ माह पूर्व चार लोगों पर जानलेवा हमला करने वाले फरार इनामी आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी सत्यपाल सिंह यादव पिता हरनारायण सिंह यादव उम्र 32 वर्ष निवासी पिपलिया खुर्द को सियरमऊ गांव की एक चाय की दुकान से दबिश देकर पकड़ा गया।

पुलिस के अनुसार, आठ माह पहले सत्यपाल यादव, उसके पिता हरनारायण यादव एवं भाई नरेंद्र यादव सहित अन्य आरोपियों ने गांव के ही एक परिवार पर लाठी-डंडों एवं धारदार हथियारों से जानलेवा हमला कर दिया था। इस हमले में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे। घटना के बाद पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था, लेकिन मुख्य आरोपी सत्यपाल यादव पुलिस को चकमा देकर लगातार फरार चल रहा था, जिसकी गिरफ्तारी पर इनाम घोषित किया गया था।

आरोपी की गिरफ्तारी के लिए एसपी आशुतोष गुप्ता के निर्देश एवं एसडीओपी अनिल मौर्य के मार्गदर्शन में सुल्तानगंज थाना प्रभारी श्यामराज सिंह राजपूत द्वारा विशेष टीम का गठन किया गया। गठित टीम में जैथारी चौकी प्रभारी सुनील भदौरिया, प्रधान आरक्षक नरेंद्र रघुवंशी, प्रधान आरक्षक सुरेश टांडेलकर, आरक्षक गजेंद्र दांगी, आकाश राजौरिया, मनोज दांगी, बृजेंद्र सिंह एवं सैनिक संतोष ठाकुर शामिल रहे। पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से घेराबंदी कर आरोपी को धर दबोचा।

आरोपी के कब्जे से एक बाइक तथा बाइक में बंधी हुई एक तलवार भी जब्त की गई है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। उल्लेखनीय है कि जब से एसपी आशुतोष गुप्ता ने जिले की कमान संभाली है, तब से फरार आरोपियों, गुंडे-बदमाशों की धरपकड़ में तेज़ी देखने को मिल रही है, जिससे जिले में अपराधियों में पुलिस का भय स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है।

Related Articles

Back to top button