मध्य प्रदेश

​जबेरा बस स्टैंड पर कांग्रेस के धरने के बीच उजागर हुई ‘स्वच्छता अभियान’ की पोल

शौचालय की बदहाली देख भड़के कांग्रेसी, नायब तहसीलदार से की शिकायत
ब्यूरो चीफ : भगवत सिंह लोधी
​जबेरा (दमोह)। जबेरा विधानसभा मुख्यालय स्थित बस स्टैंड पर एक ओर जहाँ विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर कांग्रेस का विशाल धरना-प्रदर्शन चल रहा था, वहीं दूसरी ओर बस स्टैंड परिसर स्थित सार्वजनिक शौचालय की घोर बदहाली और गंदगी का अंबार देखकर कांग्रेसी नेताओं का गुस्सा फूट पड़ा। कांग्रेसी नेताओं ने तीखा हमला बोलते हुए कहा कि यही प्रदेश सरकार के दावों और स्वच्छता अभियान की असली जमीनी हकीकत है।
​प्रदर्शन के दौरान जब कांग्रेसी नेताओं की नज़र बस स्टैंड के शौचालय पर पड़ी, तो वहाँ चारों तरफ कचरा, भीषण गंदगी और असहनीय दुर्गंध का माहौल था। नेताओं ने आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि जब विधानसभा मुख्यालय की ग्राम पंचायत जबेरा के मुख्य बस स्टैंड का यह हाल है, तो पूरी जबेरा विधानसभा के अन्य ग्रामीण इलाकों में स्वच्छता अभियान की स्थिति का सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है।
​ग्राम पंचायत जबेरा की लापरवाही पर सवाल
गौरतलब है कि बस स्टैंड परिसर और सार्वजनिक शौचालय की नियमित साफ-सफाई एवं रखरखाव की सीधी जिम्मेदारी ग्राम पंचायत जबेरा की है। इसके बावजूद पंचायत प्रशासन की घोर अनदेखी के चलते यहाँ से गुजरने वाले सैकड़ों यात्रियों, विशेषकर महिलाओं और बुजुर्गों को भारी फजीहत का सामना करना पड़ रहा है।
​नायब तहसीलदार को सौंपी शिकायत
शौचालय की दुर्दशा से भड़के कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने इस पूरे मामले की शिकायत तत्काल जबेरा नायब तहसीलदार से की। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मांग की कि शौचालय की तुरंत दुरुस्त सफाई कराई जाए और पंचायत प्रशासन की जवाबदेही तय की जाए। मामले की गंभीरता को देखते हुए नायब तहसीलदार ने ग्राम पंचायत को बस स्टैंड शौचालय की तत्काल और नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने हेतु कड़े निर्देश जारी करने का आश्वासन दिया है।
​इस दौरान अखिलेश सोनी, अजय तिवारी, ओपी शर्मा, नितिन शर्मा, भगवत सिंह धनगर, अनिल खरे, टिक्कू शर्मा सहित अनेक कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने मौके पर पहुँचकर विरोध दर्ज कराया और जल्द व्यवस्था न सुधरने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी।

Related Articles

Back to top button