पुष्पा चर्च में बाल यीशु की संत थेरेसा का पर्व श्रद्धा के साथ मनाया गया

सिलवानी। नगर स्थित पुष्पा चर्च में ईसाई समाज द्वारा बाल यीशु की संत थेरेसा का पर्व श्रद्धा एवं धार्मिक उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर चर्च परिसर में विशेष प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं ने बाल यीशु की संत थेरेसा का आशीर्वाद प्राप्त करने के लिए प्रार्थना की।
पर्व के अवसर पर नगर में श्रद्धालुओं द्वारा जुलूस निकाला गया, जिसमें बड़ी संख्या में ईसाई समाज के लोगों ने सहभागिता की। जुलूस के दौरान श्रद्धालु धार्मिक भजनों एवं प्रार्थनाओं में शामिल हुए।
पवित्र प्रार्थना सभा के मुख्य अनुष्ठानकर्ता बिशप जेम्स अथिकालम रहे। उन्होंने विशेष प्रार्थना सभा में श्रद्धालुओं के साथ प्रार्थना की। इस दौरान विभिन्न समस्याओं और कठिनाइयों से जूझ रहे लोगों के लिए विशेष प्रार्थनाएं की गईं तथा उनके सुख, स्वास्थ्य एवं कल्याण की कामना की गई।
प्रार्थना सभा में सभी धर्मों के बीच एकता, आपसी भाईचारा, शांति, प्रेम और मित्रता बनी रहे, इसके लिए भी विशेष प्रार्थना की गई। श्रद्धालुओं ने समाज एवं देश में सुख-शांति और सद्भाव की कामना की।



