मध्य प्रदेश

विद्युत विभाग ने उमरियापान वितरण केंद्र के ग्रामों में चलाया सघन चेकिंग अभियान

46 बकायादार उपभोक्ताओं के 8.70 लाख रुपये के कनेक्शन अस्थायी रूप से विच्छेदित, बिजली चोरी के 22 प्रकरण दर्ज
रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान। विद्युत विभाग द्वारा लंबित विद्युत बिलों की वसूली एवं विद्युत चोरी पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से उमरियापान वितरण केंद्र के अंतर्गत विभिन्न ग्रामों में सघन चेकिंग एवं वसूली अभियान चलाया गया । अभियान के दौरान तीन विशेष टीमों ने बकायादार उपभोक्ताओं एवं अवैध रूप से विद्युत का उपयोग किए जाने वाले परिसरों की जांच की।
उमरियापान वितरण केंद्र के अंतर्गत देवरी, उमरियापान, पिपरिया सहलवान, परसेल, घुघरी सहित विभिन्न ग्रामों में कार्रवाई की गई। पूर्व में बकाया विद्युत बिल जमा करने के लिए नोटिस जारी किए गए उपभोक्ताओं के कनेक्शनों की जांच के बाद विभाग द्वारा 46 बकायादार उपभोक्ताओं पर कुल 8.70 लाख रुपये की बकाया राशि के विद्युत कनेक्शन अस्थायी रूप से विच्छेदित किए गए।
इसी दौरान विद्युत चोरी एवं अवैध रूप से बिजली का उपयोग करने के मामलों की भी जांच की गई, जिसमें 22 प्रकरण दर्ज किए गए । विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अपने लंबित विद्युत बिलों का शीघ्र भुगतान सुनिश्चित करें तथा विद्युत चोरी से बचें, ताकि नियमानुसार होने वाली कानूनी कार्रवाई से बचा जा सके।
चेकिंग एवं वसूली कार्रवाई में सहायक अभियंता ढीमरखेड़ा उपसंभाग स्वामी यादव, सिलौंडी वितरण केंद्र प्रभारी मजहर अली तथा उमरियापान वितरण केंद्र प्रभारी सौरव दुबे सहित विद्युत विभाग के कर्मचारी मौजूद रहे।
यह चेकिंग एवं वसूली अभियान कटनी वृत्त के अधीक्षण अभियंता डी.के. चौकीकर एवं दक्षिण संभाग की कार्यपालन अभियंता श्रीमती शैलजा चौहान के मार्गदर्शन में चलाया जा रहा है।

Related Articles

Back to top button