अम्बाड़ी गांव में कांजी हाउस के सामने भरा है तालाब ग्रामीणों को निकलने में हो रही है परेशानी
ज़िम्मेदार अधिकारी नही दे रहे कोई ध्यान
रिपोर्टर : शिवलाल यादव, रायसेन।
रायसेन । सांची विकासखंड के ग्राम अम्बाड़ी में दलदल भरे रास्ते से ग्रामीण निकलने को मजबूर हो रहे हैं। हम आपको यह बता दें कि ग्राम पंचायत अम्बाड़ी मुस्काबाद मार्ग पर इन दिनों ग्रामीणों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसी मार्ग से लगभग दस गांवों जिनमें ग्राम मुस्काबाद, शक्ति बांसिया, हिनोतिया, पिपरई, कालीटोर एवं अम्बाड़ी बस्ती के लोगो का आना जाना रहता है। मगर इस रास्ते पर भरे दलदल जैसे पानी से निकलने में ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वाहन चालक भी यहां फिसल कर गिर रहे हैं। जिम्मेदार अधिकारी बिल्कुल भी ध्यान नहीं दे रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग से अम्बाड़ी सहित कई ग्रामों के ग्रामीण निकलते हैं। बरसात के 4 महीने इस मार्ग पर चलना मुश्किल हो जाता है। गंदे पानी में होकर निकलना पड़ता है। तरह- तरह की बीमारियों का खतरा भी बना रहता है। ग्रामीणों की मांग है कि इस मार्ग को पंचायत द्वारा ठीक करवाया जाए।
बिजिया बाई, स्थानीय निवासी का कहना है कि अम्बाड़ी गांव के रास्ते में कीचड़ व पानी भरा हुआ है। जिसकी वजह से काफी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। जबकि इस मार्ग से लगभग दस गांवों के लोग प्रतिदिन निकलते हैं। कई लोग तो इसमें गिरकर अपने हाथ, पैर भी तुड़वा चुके हैं। लेकिन ज़िम्मेदार इस और ध्यान नही दे रहे हैं।
राजेश, स्थानीय ग्रामीण का कहना है कि गांव में आने जाने के लिए ये एकमात्र मार्ग है। और इसी मार्ग पर बारिश के मौसम में पूरे चार महीने पानी भर जाता है। और ऐसा लगता है कि यह रोड नही तालाब हो। यहां से निकलने के दौरान लोग कीचड़ में फिसलकर दुर्घटना के शिकार हो रहे हैं।