चार दिन ऐसा ही रहेगा मौसम, लुढ़का पारा : जम रहीं ओस की बूंदें; दिन के साथ रातें भी हुई सर्द
रिपोर्टर : शिवलाल यादव
रायसेन। सोमवार को ठंड का असर आम दिनों की तुलना में ज्यादा रहा। सूर्यास्त होने के बाद ठिठुरन ऐसी बढ़ी कि ठंड से लोग सिहरते नजर आए। न्यूनतम तापमान 8.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि रात का अधिकतम तापमान 18.8 डिग्री रहा। इस तरह रविवार की तुलना में तापमान में और गिरावट आई है। रविवार को न्यूनतम तापमान 11 डिग्री और अधिकतम तापमान 19.2 दर्ज किया गया था। सोमवार को न्यूनतम पारा लुढ़क कर 8 डिग्री सेल्सियस पर आ गया।जबकि अधिकतम तापमान 11 डिग्री पर रहा।
दिन रात मौसम एक जैसा, कश्मीर बना रायसेन चल रही बर्फीली हवाएं…..
इधर मावठे के दौर से शुरू हुई कड़ाके की सर्दी से लोगों को राहत मिलती नजर नहीं आ रही है। नए साल के बाद अब फिर से पारा 8 डिग्री तक पहुंच गया है। दिनभर शीत लहरचलने से लोग ठिठुरते रहे। सार्वजनिक स्थलों पर लोग ठंड से बचने के लिए अलाव जला रहे हैं तो अभिभावक बच्चों को गर्म कपड़े पहनाकर सर्दी से बचाने का प्रयास कर रहे हैं। शाम होते ही सड़कें सूनी हो जाती हैं, कई सड़कों पर इतना सन्नाटा रहता है कि आवागमन तक नहीं होता। उधर गांवों में सर्दी का सितम इतना ज्यादा है कि रात के समय फसलों पर ओस गिरने के बाद बूंदें जम रही है। सुबह से फसलों के बीच में कोहरा और धुंध देखने को मिलती है। रात में भी कोहरा के कारण सड़क हादसे हो रहे हैं। बीती रात दो जगह सड़क हादसे हुए और कारण कोहरा ही सामने निकल आया है। इस तरह पिछले 16 दिन से सर्दी के कारण दिन व रात में राहत मिलती लोगों को नजर नहीं आ रही है। एक तरफ कोरोना का संक्रमण और दूसरी तरफ सर्दी बढ़ने से मौसमी बीमारियां भी बढ़ रही है। ऐसे में लोगों को स्वास्थ्य के प्रति सचेत रहने की जरूरत ज्यादा बढ़ गई है। मौसम वैज्ञानिक डॉ एसएस तोमर के मुताबिक अभी तीन से चार दिन और इस तरह का मौसम रहेगा। सर्द हवाएं भी चल सकती हैं। इसलिए ठंड से लोगों को बचने की जरूरत है।




