अनियंत्रित पिकअप सरस्वती स्कूल में घुसी, 100 बच्चे सुरक्षित

स्लीमनाबाद में बड़ा हादसा टला
रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । कटनी जिले के स्लीमनाबाद क्षेत्र में एक बड़ा हादसा टल गया, जब तेज रफ्तार मालवाहक पिकअप अनियंत्रित होकर सीधे सरस्वती स्कूल की बिल्डिंग में जा घुसी। उस समय स्कूल परिसर में करीब 100 बच्चे मौजूद थे। गनीमत रही कि इस भीषण टक्कर के बावजूद कोई जनहानि नहीं हुई और सभी बच्चे सुरक्षित बाहर निकाल लिए गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक पिकअप की रफ्तार काफी तेज थी। वाहन अचानक नियंत्रण खो बैठा और स्कूल की सामने की दीवार से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि भवन का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त होकर भरभरा कर गिर गया। तेज धमाके और धूल के गुबार से स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। बच्चे सहम गए और चीख-पुकार मच गई।
सूझबूझ से टला बड़ा हादसा
हादसे के समय कक्षाओं में पढ़ाई चल रही थी। सामने का हिस्सा ढह जाने से मुख्य द्वार अवरुद्ध हो गया। ऐसे में स्कूल स्टाफ और स्थानीय नागरिकों ने तत्परता दिखाते हुए पीछे का दरवाजा खोलकर सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला। शिक्षकों की सतर्कता और ग्रामीणों की मदद से संभावित बड़ा हादसा टल गया ।
बच्चों के सुरक्षित बाहर आने के बाद अभिभावकों ने राहत की सांस ली। हालांकि कुछ बच्चों को हल्की चोटें आईं, जिन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही स्लीमनाबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने पिकअप वाहन को जब्त कर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है । प्रारंभिक जांच में वाहन की तकनीकी खराबी या चालक की लापरवाही—दोनों पहलुओं पर जांच की जा रही है।
पुलिस ने बताया कि भवन की संरचना की भी जांच कराई जाएगी, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचाव के लिए आवश्यक सुरक्षा उपाय किए जा सकें।
स्लीमनाबाद थाना प्रभारी ने वाहन चालकों से अपील की है कि रिहायशी और स्कूल क्षेत्रों में विशेष सावधानी बरतें तथा निर्धारित गति सीमा का पालन करें, ताकि बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।



