मध्य प्रदेश

मुख्यमंत्री राहत योजना 2022 के तहत गरीबों को मिलेगी राहत, स्वास्थ्य मंत्री ने उपभोक्ताओं को बांटे प्रमाण पत्र

रिपोर्टर : शिवलाल यादव
रायसेन।
स्वास्थ्य मंत्री डॉ प्रभुराम चौधरी ने रायसेन में मुख्यमंत्री विद्युत बिलों में राहत योजना-2022 का किया शुभारंभ। स्वास्थ्य मंत्री ने उपभोक्ताओं को प्रदान किए विद्युत बिलों में राहत, रायसेन जिले के 155331 उपभोक्ताओं को 103 करोड़ रुपये की मिलेगी बड़ी ।
स्वास्थ्य मंत्री डॉ प्रभुराम चौधरी ने रायसेन के चिड़िया टोल वन परिसर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री बिजली बिलों में राहत योजना-2022 का कन्या पूजन तथा दीप प्रज्जवलन कर शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रदेश में कोरोना महामारी के प्रकोप के कारण निम्न आय वर्ग वाले घरेलू उपभोक्ताओं की आस्थगित की गई बकाया राशि के निराकरण के लिए मुख्यमंत्री विद्युत बिलों में राहत योजना-2022 लागू की गयी है। एक किलोवाट तक के संयोजित भार वाले वे सभी घरेलू उपभोक्ता, जिनकी 31 अगस्त 2020 की स्थिति में बकाया मूल राशि एवं अधिभार राशि को आस्थगित किया गया था। ऐसे सभी घरेलू उपभोक्ताओं को योजना का फायदा मिलेगा।
स्वास्थ्य मंत्री डॉ चौधरी ने बताया कि जिले में कुल 155331 उपभोक्ताओं को बिजली बिल में लगभग 103 करोड़ रू की राहत दी गई है। सॉची विधानसभा क्षेत्र में 44656 उपभोक्ताओं को योजना के तहत बिजली बिल में राहत दी गई है। देहगॉव क्षेत्र में 4042 उपभोक्ताओं को बिजली बिल में 225.54 लाख रू, गैरतगंज क्षेत्र में 10722 उपभोक्ताओं के 572.85 लाख रू, रायसेन शहरी क्षेत्र में 4327 उपभोक्ताओं के 308.23 लाख रू, रायसेन ग्रामीण क्षेत्र में 15358 उपभोक्ताओं के 800.01 लाख रू तथा सलामतपुर क्षेत्र में 10207 उपभोक्ताओं के 582.19 लाख रू के बिजली बिल माफ किए गए हैं।
स्वास्थ्य मंत्री डॉ चौधरी ने कहा कि कोरोन महामारी के कठिन दौर में भी सरकार द्वारा लोगों को राहत देने के लिए महत्वपूर्ण निर्णय लिए, योजनाएं चलाई। जरूरतमंद लोगों को निःशुल्क खाद्यान्न वितरित किया गया। अभी भी सितम्बर महीने तक प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत पात्र परिवार के प्रत्येक सदस्य को पॉच किलो राशन प्रति माह प्रदान निःशुल्क प्रदान किया जा रहा है। इसके अलावा छोटे-छोटे व्यवसायी, पथ विक्रेता अपना रोजगार फिर से शुरू कर सके इसके लिए स्ट्रीट वेण्डर योजना के माध्यम से बिना ब्याज का ऋण उपलब्ध कराया गया। स्वास्थ्य मंत्री डॉ चौधरी ने कहा कि कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए सरकार द्वारा अभियान चलाकर लोगों को निःशुल्क वैक्सीन लगाई गई है। जिससे कोरोना की तीसरी लहर से बचाव हुआ है।
उन्होंने कहा कि सॉची विधानसभा क्षेत्र विकास के मामले में पहले स्थान पर रहे। इसके लिए वह निरंतर प्रयासरत हैं। रायसेन सहित क्षेत्र के विकास में कोई कोर कसर नहीं छोड़ेंगे। रायसेन नगर में सड़क चौड़ीकरण का कार्य किया जा रहा है। इसके अलावा जिला अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं और सुविधाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है। रायसेन के अलावा गैरतगंज, बेगमगंज, सिलवानी, सॉची, बरेली सहित ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को बढ़ाया जा रहा है ताकि लोगों को बेहतर से बेहतर इलाज पास में मिल सके। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के लिए सीएम राईस स्कूल खोले जा रहे हैं। महिलाओं को स्व-सहायता समूहों के माध्यम से रोजगार से जोड़ा जा रहा है। इस प्रकार प्रत्येक वर्ग के विकास और कल्याण के लिए सरकार काम कर रही है।
इस अवसर पर कलेक्टर अरविन्द कुमार दुबे, जिला पंचायत सीईओ पीसी शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि, मध्यप्रदेश विद्युत वितरण कम्पनी के अधिकारी एवं हितग्राही उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button