मध्य प्रदेश

विद्यासागर सेवाश्रम गौशाला में 800 पशुओं के लिए बनेगा विशाल शेड

रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान।  विद्यासागर सेवाश्रम गौशाला में रह रहे करीब 800 पशुओं को बेहतर आश्रय और सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की जा रही है ।  इसी उद्देश्य से 10 अक्टूबर को विद्यासागर गौशाला सेवा संस्था समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसमें गौशाला परिसर में शेड निर्माण सहित पशुओं की देखभाल और व्यवस्थाओं के विस्तार को लेकर विस्तार से चर्चा की गई ।
बैठक में गौशाला में बड़ी संख्या में रह रहे पशुओं की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए उनके लिए पर्याप्त और सुरक्षित आश्रय उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया ।  प्रस्तावित शेड निर्माण के साथ परिसर में अन्य आवश्यक सुविधाएं विकसित करने, पशुओं के रखरखाव को बेहतर बनाने तथा गौशाला की व्यवस्थाओं को अधिक सुचारु बनाने के संबंध में विभिन्न बिंदुओं पर विचार विमर्श किया गया ।
समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने गौसेवा के कार्यों को व्यवस्थित ढंग से संचालित करने और पशुधन के संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता बताई। बैठक में निर्माण कार्यों की रूपरेखा तैयार करने तथा आवश्यक सुविधाओं के विकास की दिशा में आगे बढ़ने पर सहमति के साथ चर्चा की गई।
*समिति के पदाधिकारी निभा रहे जिम्मेदारी*
विद्यासागर सेवाश्रम गौशाला सेवा समिति में संरक्षक के रूप में अंकुर जैन एवं अरुण जैन, कार्यकारी अध्यक्ष अनिल जैन, उपाध्यक्ष राकेश जैन, महामंत्री इंजीनियर सुनील जैन, सहमंत्री अमित जैन तथा सहकोषाध्यक्ष यतेंद्र जैन अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे हैं। वहीं समिति के सदस्य संदीप जैन एवं बिहारी रजक भी गौशाला की व्यवस्थाओं से जुड़े कार्यों में सहभागिता निभा रहे हैं ।
समिति का उद्देश्य गौशाला में आश्रय ले रहे लगभग 800 पशुओं के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना, उनके संरक्षण एवं देखभाल को मजबूत बनाना और गौसेवा के कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाना है ।  शेड निर्माण की योजना को इसी उद्देश्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है ।

Related Articles

Back to top button